'गांधी परिवार को खुश करने में लगी सुक्खू सरकार, 9 महीने से तैयार स्कूल भवन पर लटक रहा ताला, किराए के मकान में पढ़ रहे बच्चे'
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार अपने राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने और उनकी छवि बनाने पर ज्यादा ध्यान दे रही है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 17, 2026 at 8:15 PM IST
शिमला: हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के देयोरी में करीब नौ महीने से तैयार स्कूल भवन को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है. जयराम ठाकुर का आरोप है कि भवन तैयार होने के बावजूद बच्चों को सुरक्षित भवन में शिफ्ट नहीं किया गया और वे किराये के मकान में पढ़ाई करने को मजबूर रहे. उन्होंने दावा किया कि भवन का उद्घाटन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से करवाने के लिए इसे लंबे समय तक बंद रखा गया.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देयोरी में स्कूल का नया भवन करीब नौ महीने पहले बनकर तैयार हो गया था. इसके बावजूद इसमें पढ़ाई शुरू नहीं करवाई गई. बच्चे दो नालों के बीच स्थित किराये के मकान में पढ़ाई कर रहे हैं. चार कमरों में सात कक्षाएं चल रही हैं, जबकि नया बहुमंजिला भवन तैयार होने के बाद भी बंद पड़ा है.
शिक्षा मंत्री के कार्यक्रम में उद्घाटन रोकने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि शिक्षा मंत्री 6 जुलाई को इसी स्कूल भवन का उद्घाटन करने पहुंचे थे. कार्यक्रम की तैयारियां पूरी थीं. सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए और उद्घाटन की पट्टिका भी लगाई गई थी. लेकिन कार्यक्रम के बीच शिक्षा मंत्री को उद्घाटन करने से रोक दिया गया, क्योंकि सरकार इस भवन का लोकार्पण प्रियंका गांधी से करवाना चाहती थी.
आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूलों को लेकर सवाल
जयराम ने प्रदेश में आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए स्कूल भवनों का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में आपदाओं के कारण प्रदेश के सैकड़ों स्कूल भवन प्रभावित हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कई भवन आज भी जर्जर हालत में हैं और कई जगह बच्चों को खुले आसमान के नीचे या असुरक्षित भवनों में पढ़ना पड़ रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आपदाओं के दौरान प्रदेश में कितने स्कूल और अस्पताल भवन क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हुए. उन्होंने पूछा कि कितने स्कूल जर्जर भवनों, किराये के मकानों या खुले में चल रहे हैं. साथ ही उन्होंने सरकार से यह भी बताने को कहा कि क्षतिग्रस्त भवनों के निर्माण और मरम्मत के लिए कितनी राशि जारी की गई और अब तक कितने भवनों का काम पूरा हुआ है.
'सरकार को विकास पर ध्यान देना चाहिए'
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी प्रदेश के विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने की है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने राजनीतिक नेतृत्व और गांधी परिवार को खुश करने और उनकी छवि बनाने पर ज्यादा ध्यान दे रही है. बच्चों को सुरक्षित स्कूल भवन उपलब्ध कराने के बजाय किसी भवन को उद्घाटन के लिए महीनों तक बंद रखना विद्यार्थियों और प्रदेश की जनता के साथ अन्याय है.
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद करीब 2000 स्कूल और कॉलेज बंद किए गए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को बंद संस्थानों और जर्जर भवनों के बजाय प्रदेश के बच्चों की शिक्षा और सुरक्षित स्कूलों पर प्राथमिकता देनी चाहिए. उन्होंने सरकार से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: 'पेपर हुए ही नहीं तो लीक कहां से होंगे?', भर्तियों को लेकर सुक्खू सरकार पर बरसे राजीव बिंदल
ये भी पढ़ें: हिमाचल में अफसरों की फौज में कटौती, IAS के 153 पद घटकर 100-110 तक लाने की तैयारी, IPS की 96 पोस्टों पर चलेगी कैंची

