शराब के नशे में ड्यूटी करने वाले कंडक्टर को HRTC ने किया सस्पेंड, एक परिचालक पर FIR
एचआरटीसी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले परिचालकों पर कड़ी कार्रवाई की है. एक कंडक्टर पर FIR भी की गई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 3:28 PM IST
हमीरपुर: ड्यूटी के दौरान नशा और मारपीट करने के दो अलग अलग मामलों में एचआरटीसी ने कड़ी कार्रवाई की है. गत दिनों शराब के नशे में ड्यूटी करने और बस में बिना टिकट तीन यात्री मिलने पर एचआरटीसी प्रबंधन ने परिचालक को निलंबित कर दिया है. परिचालक की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है. निगम प्रबंधन ने सुनील कुमार के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है.
एचआरटीसी हमीरपुर डिपो की बस अमरोह से हमीरपुर आ रही थी. जानकारी के अनुसार डेरा परोल के पास क्षेत्रीय फ्लाइंग स्क्वाड से इंस्पेक्टर सुरेश ने बस को रोका और यात्रियों की टिकट चेकिंग शुरू की. इस दौरान तीन सवारियां बिना टिकट के मिलीं. ये तीनों सवारियां तरक्वाड़ी से हमीरपुर आ रही थीं और इनकी टिकट का किराया करीब 170 रुपये बनना था. इंस्पेक्टर ने जब परिचालक से बिना टिकट के यात्रा कर रहे सवारियों के बारे में पूछा तो परिचालक मशीन छोड़कर भाग गया. मामले की जानकारी निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. निगम ने अन्य टीम भेजी और परिचालक को कुछ दूरी पर पकड़ लिया और उसे भोरंज थाना लाया गया. यात्रियों के मुताबिक परिचालक ने शराब का सेवन किया था. इस आधार पर परिचालक का भोरंज अस्पताल में मेडिकल करवाया गया. मेडिकल रिपोर्ट में परिचालक की ओर से शराब के सेवन की पुष्टि हुई. सवारियों को अन्य बस से हमीरपुर भेजा गया. निगम प्रबंधन ने परिचालक को काम में लापरवाही एवं नशे की हालत में ड्यूटी करने पर निलंबित कर दिया.
परिचालक को किया निलंबित
राजकुमार पाठक, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर ने बताया कि 'शराब के नशे में ड्यूटी करने पर परिचालक को निलंबित कर दिया है और मामले में जांच जारी है. कंडक्टर नशे में धुत था और तीन सवारियों को टिकट भी नही दिया गया था, जिस पर चैकिंग टीम ने पड़ताल में पाया कि इस मामले में कंडक्टर की गलती थी, जिस पर कंडक्टर को अब विभाग ने निलबित कर दिया है.'
पुलिस में FIR करवाई दर्ज
वहीं एक अन्य मामले में भी कंडक्टर की ओर से चैकिंग टीम के साथ मारपीट और बदतमीजी किए जाने के आरोप में विभाग ने पुलिस थाना में एफआईआई दर्ज करवाई है. डीएम राजकुमार पाठक ने बताया कि बिलासपुर डिपो की धर्मशाला जा रही गाड़ी में चैकिंग टीम ने दोसड़का के पास रोका था. इस दौरान पाया गया कि पट्टा से एक यात्री बिना टिकट सफर कर रहा था. कंडक्टर ने पैसे लेने के बाद टिकट नही दी थी. वहीं, इस मामले में कंडक्टर ने चैकिंग टीम के साथ हाथापाई की और थप्पड़ मार दिए थे, जिस पर पुलिस में मामला दर्ज करवाया है. उक्त कंडकटर पर अब तक 26 अलग अलग मामले दर्ज किए गए हैं, जिनकी जांच चल रही है.
फ्लाइंग टीम के एसआई को जड़ा था थप्पड़
आपको बता दें कि एचआरटीसी में निरीक्षण दस्ते और परिचालकों-चालकों के बीच कई तरह के विवाद सामने आते रहे हैं. बीते 18 दिसंबर वीरवार को दोसड़का में फ्लाइंग टीम और कंडक्टर आपस में उलझ गए थे. चेकिंग के दौरान परिचालक ने फ्लाइंग टीम के सब इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ दिया था. सब इंस्पेक्टर ने पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी. एचआरटीसी डिपो बिलासपुर के डीडीएम ने परिचालक को निलंबित कर दिया था.

