ETV Bharat / state

सिरमौर में सड़क हादसे ने ली बड़े भाई की जान, छोटा गंभीर घायल, बारात से लौट रही कार खाई में गिरने से एक की मौत

हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग 2 दर्दनाक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत, 4 घायल.

Himachal Road Accident
हिमाचल में सड़क हादसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 6, 2026 at 8:59 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर/सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं. अब प्रदेश के सिरमौर और हमीरपुर जिले में सड़क हादसा सामने आया है. जिला सिरमौर के संगड़ाह थाना क्षेत्र में हरिपुरधार के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसे में मोटरसाइकिल सवार बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, हमीरपुर में बारात से लौट रही कार खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, 2 लोग घायल हो गए.

सिरमौर में खाई में बाइक गिरने से बड़े भाई की मौत

पहली सड़क दुर्घटना सिरमौर जिले की है. दुर्घटना गुरुवार देर शाम कजवा क्षेत्र के अंतर्गत खरोटियो खाला के पास हुई, जहां हरिपुरधार की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 30 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी. बाइक पर दो सगे भाई सवार थे. पुलिस के अनुसार, जितेंद्र पुत्र निवासी गांव पंजाह (तहसील संगड़ाह) के बयान पर मामला दर्ज किया गया है. बयान में बताया गया है कि वह निजी कार्य से नौहराधार गया हुआ था और वापसी के दौरान उसने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को खाई में गिरा देखा.

हादसे में मृतक की पहचान अरुण कुमार (22) पुत्र राजेंद्र निवासी गांव लालग, डाकघर बडोल, तहसील संगड़ाह के रूप में हुई है. वहीं उसका छोटा भाई रमन (18) गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही मौके पर 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया, जिसके माध्यम से दोनों को हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने अरुण कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि रमन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया.

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, "प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के समय मोटरसाइकिल अरुण कुमार चला रहा था. पुलिस थाना संगड़ाह में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है."

हमीरपुर में बारात से लौट रही कार खाई में गिरी

वहीं, दूसरी दुर्घटना हमीरपुर जिले की है. पुलिस के अनुसार, थाना सुजानपुर के अंतर्गत कक्कड़ क्षेत्र में हादसा उस समय हुआ जब ऊहल से भेरड़ा बारात लेकर लौट रही एक अल्टो कार (एचपी-20-1876) कक्कड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए. हादसे में मृत व्यक्ति की पहचान देशराज (उम्र- 55 वर्ष) निवासी गांव झौखर, डाकघर गवारडू, तहसील टौणी देवी, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है. इस हादसे में 2 अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं.

Hamirpur Car Accident
हमीरपुर में बारात से लौट रही कार खाई में लुढ़की (ETV Bharat)

वहीं, हमीरपुर पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि, "कक्कड़ क्षेत्र में एक अल्टो कार के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं. घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए टौणी देवी अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है."

ये भी पढ़ें: हिमाचल में 3 मार्च से बोर्ड एग्जाम, 1.84 लाख विद्यार्थी देंगे 10वीं-12वीं की परीक्षा, यहां जानिए हर एक अपडेट

ये भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, शिमला के नए SP होंगे गौरव सिंह, यहां देखें ट्रांसफर लिस्ट