RDG के बहाने जगत नेगी का BJP पर हमला, बोले- हिमाचल के हितेषी नहीं हैं प्रदेश भाजपा के लोग, भोगना चाहते हैं सत्ता सुख
हिमाचल के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि, भाजपा देश में संघीय ढांचे को कमजोर कर रही है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 18, 2026 at 5:30 PM IST
|Updated : February 18, 2026 at 10:48 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के तीसरे दिन भी RDG पर चर्चा जारी रही. इस दौरान प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. सदन के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि भाजपा देश में संघीय ढांचे को कमजोर कर रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र का छोटे राज्यों को संविधान के अनुसार वित्तीय पोषण न देना देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा है. जगत सिंह नेगी ने 16वें वित्त आयोग पर आरोप लगाया कि वित्त आयोग भाजपा की कठपुतली बन काम कर रहा है.
'भाजपा की कठपुतली बन गया है वित्त आयोग'
हिमाचल प्रदेश खे राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि, संघीय ढांचे में राजस्व घाटी वाले राज्यों के लिए केंद्रीय सहायता का प्रावधान संविधान के अनुच्छेद 275 में किया गया है. राजस्व मंत्री ने अफसोस जताते हुए कहा कि 16वें वित्त आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 275 के तहत मिलने वाले राजस्व घाटा अनुदान को खत्म कर दिया. राजस्व मंत्री ने आरोप लगाया कि वित्त आयोग भाजपा की कठपुतली बन गया है. 15वें वित्त आयोग ने RDG के लिए 2 लाख 54 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया था और 16वें वित्त आयोग ने इसे शून्य कर दिया. मंत्री ने पूछा कि ऐसे में छोटा राज्य कैसे सरवाइव कर पाएंगे.
'देश में संघीय ढांचे को खत्म करना चाहती है भाजपा'
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि, "देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए रेवेन्यू डेफिसिट छोटे राज्यों को वित्तीय पोषण देना जरूरी है. भाजपा देश में संघीय ढांचे को समाप्त कर देना चाहती है. सरकार हिमाचल के हितों की लड़ाई लड़ रही है. प्रदेश के भाजपाइयों को राज्य के हित के लिए केंद्र सरकार के खिलाफ खड़ा होना चाहिए. प्रदेश भाजपा के लोग हिमाचल के हितेषी नहीं हैं और प्रदेश का विकास नहीं देखना चाहते. प्रदेश भाजपा के लोग केवल चुनाव जीतकर सत्ता सुख भोगना चाहते हैं."
ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को छह महीने का सेवा विस्तार, अधिसूचना जारी
ये भी पढ़ें: दल बदल से चुनाव जीत कर लोकतंत्र समाप्त करना चाहती है भाजपा?: जगत सिंह नेगी

