सामान्य से अधिक चल रहा तापमान, इस दिन तक बारिश-बर्फबारी के नहीं है कोई आसार
हिमाचल में लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है. सर्दियों में इस बार सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 9:55 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है. इसके कारण तापमान में उछाल आया है. मैदानी इलाकों समेत पहाड़ों पर तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है. लोग अभी से गर्मी का अनुभव कर रहे हैं. सूखे का दौर लगातार जारी है. फरवरी में सामान्य से 85 प्रतिशत कम बारिश हुई है. अभी भी हिमाचल में बारिश के आसार नहीं हैं.
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी से 28 फरवरी के विंटर सीजन में इस बार 103.2 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 45 फीसदी कम है. इस दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 187.1 मिलीमीटर बारिश का है. प्रदेश में वर्ष 1901 से 2026 के बीच में यह 22 वां सबसे कम रैनफॉल है. वहीं, पोस्ट मानसून सीजन में 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक प्रदेश में 69.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जो सामान्य से 16 फीसदी कम रिकॉर्ड की गई. इस दौरान सामान्य बारिश का आंकड़ा 82.9 मिलीमीटर बारिश का है. कम बारिश खेती-किसानी के लिए बड़ा खतरा बन गया है. प्रदेश में मटर, गेहूं और सरसों जैसी फसलों के लिए नमी बेहद जरूरी है, लेकिन बारिश और बर्फबारी की कमी ने उत्पादन पर संकट के बादल मंडरा दिए हैं.
सात मार्च तक नहीं बारिश के आसार
पिछले 24 घंटों में कही बारिश-बर्फबारी नहीं हुई है. मौसम विभाग ने सात मार्च तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है. इससे पहले बारिश के कोई आसार नहीं हैंय इससे तापमान में वृद्धि का अनुमान है. वहीं, रविवार को तेज धूप के बावजूद अधिकतर स्थानों पर एक डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आई है. प्रदेश में दो स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे है. इसमें ताबो में -4.2 व कुकुमसेरी में -3.5 डिग्री सेल्सियस तापमान है. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 1.8 डिग्री की गिरावट के साथ 29 डिग्री सेल्सियस रहा.
विभिन्न शहरों का अधिकतम तापमान
शिमला 18.5, सुंदरनगर 28.0, भुंतर 25.9, कल्पा 16.5, धर्मशाला 23.1, ऊना 29.0, नाहन 24.3, केलंग 6.5, सोलन 24.2, मनाली 18.6, कांगड़ा 27.8, मंडी 27.7, बिलासपुर 15.4, जुबड़हट्टी 21.8, बरठीं 27.1, ताबो 9.4, नेरी 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2, सुंदरनगर का 5.7, भुंतर का 6.6, कांगड़ा का 7.5 डिग्री अधिक चल रहा है.

