पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा में लेखक सुविधा के लिए इस दिन तक करें आवेदन
इन अभ्यर्थियों को मिलेगी लेखक की सुविधा, निर्धारित समय के बाद आयोग द्वारा स्वीकार नहीं होंगे आवेदन.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : November 5, 2026 at 11:24 AM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) हमीरपुर ने पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले विशेष परिस्थितियों वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान लेखक (स्क्राइब) की सुविधा लेना चाहते हैं या परीक्षा केंद्र अथवा परीक्षा की तिथि में प्राथमिकता प्राप्त करना चाहते हैं, वे 12 नवंबर से पहले अपना आवेदन आयोग को प्रस्तुत करें.
ये अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इसी माह के अंतिम सप्ताह और अगले महीने के पहले सप्ताह में पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षाओं का आयोजन प्रस्तावित है. इन परीक्षाओं में अगर कोई दिव्यांग अभ्यर्थी, गर्भवती महिला अभ्यर्थी अथवा चिकित्सा संबंधी समस्याओं से पीड़ित उम्मीदवार लेखक की सुविधा प्राप्त करना चाहता है तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा. इसके अलावा अन्य अपरिहार्य कारणों (Unavoidable reasons) से विशेष सुविधा चाहने वाले अभ्यर्थी भी अपने मामले से संबंधित दस्तावेजों सहित आयोग के समक्ष अनुरोध प्रस्तुत कर सकते हैं.
आवेदन के साथ होनी चाहिए ये जानकारी
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि लेखक की सुविधा अथवा परीक्षा केंद्र और परीक्षा तिथि में प्राथमिकता प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवारों को आयोग की ओर से जारी संशोधित दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा. इन दिशा-निर्देशों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले संशोधित नियमों का अच्छी तरह अध्ययन कर लें, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की कमी न रहे. उन्होंने बताया कि आवेदन में उम्मीदवार का पूरा नाम, आवेदन आईडी, संबंधित परीक्षा का नाम, जिले का चयन और ईमेल आईडी सहित सभी जरूरी जानकारियां स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए. इसके साथ ही सुविधा के लिए पात्रता से संबंधित आवश्यक प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज भी संलग्न करना अनिवार्य है.
आयोग की अभ्यर्थियों से अपील
आयोग सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा यानी 12 नवंबर के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए पात्र अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित आयोग को भेजना सुनिश्चित करें. आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करते समय संशोधित दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखें, ताकि परीक्षा के दौरान उन्हें नियमानुसार आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके.

