इतिहास शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, इतने उम्मीदवारों का चयन, यहां देख सकते हैं रिजल्ट
पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) श्रेणी का एक पद खाली रह गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 23, 2026 at 8:07 AM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग में इतिहास शिक्षकों के 86 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26025 के तहत आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद आयोग ने 85 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया है. आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि, इतिहास शिक्षकों के 86 पदों के लिए कुल 2648 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. इनमें से 2152 अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी. परीक्षा के बाद 217 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था.
इतिहास शिक्षक भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि, "चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच 16 और 19 अगस्त को की गई. दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 85 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया है. वहीं, पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) श्रेणी का एक पद रिक्त रह गया है. भर्ती का अंतिम परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है. अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित पूरा परिणाम देख सकते हैं."
85 उम्मीदवारों का चयन
डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर विजिट कर सकते हैं. अंतिम परिणाम जारी होने के साथ ही पोस्ट कोड-26025 के तहत इतिहास शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है. कुल 2648 आवेदनों से शुरू हुई इस भर्ती प्रक्रिया में 2152 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षा के बाद 217 उम्मीदवार दस्तावेजों की जांच के लिए पात्र पाए गए, जबकि अंतिम दस्तावेज सत्यापन के बाद 85 उम्मीदवारों का चयन किया गया. एक पद पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण खाली रह गया.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में एक लाख से अधिक सरकारी पद खाली, शिक्षा विभाग और PWD में कर्मचारियों की भारी कमी
ये भी पढ़ें: 90 दिन में सरकारी कर्मियों के सस्पेंशन पर नहीं किया फैसला, हाईकोर्ट ने कहा, 91वें दिन स्वत: अवैध हो जाएगा निलंबन

