इस दिन होंगे हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव, गजट नोटिफिकेशन जारी
हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में कुल 20 सीटें हैं. इनमें से 18 सीटों पर चुनाव होना है. इसके अलावा 2 सदस्य नामांकित किए जाएंगे.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 17, 2026 at 9:54 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव का शेड्यूल सामने आ गया है. इसको लेकर गजट नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है. इस गजट नोटिफिकेशन के साथ ही हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव की तिथि भी तय हो गई है. साथ ही चुनावी प्रक्रिया का कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है. अधिसूचना के मुताबिक प्रदेश बार काउंसिल के लिए 20 अप्रैल की सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 तक मतदान होंगे. वहीं, 23 अप्रैल को मतों की गणना की जाएगी.
19 से 25 मार्च तक होंगे आवेदन
नोटिफिकेशन के अनुसार, 4 मार्च को प्रोविजनल मतदाता सूची जारी की जाएगी. 5 से 11 मार्च 2026 तक मतदाता सूची को लेकर आपत्तियां दी जा सकेंगी. 18 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. उम्मीदवार 19 से 25 मार्च 2026 तक नामांकन दाखिल कर पाएंगे. बार काउंसिल कार्यालय शिमला में सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे. 26 और 27 मार्च को दाखिल नामांकन पत्रों की जांच होगी. जांच के बाद पात्र अभ्यर्थियों की सूची 28 मार्च को बार काउंसिल के नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी. उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए 31 मार्च, 2026 शाम 5:00 बजे तक का समय दिया गया है.
20 अप्रैल को मतदान, इस दिन होगी मतगणना
हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में कुल 20 सीटें हैं. इनमें से 18 सीटों पर चुनाव होना है. इसके अलावा 2 सदस्य नामांकित किए जाएंगे. बार काउंसिल की कम से कम 9 सीटों पर केवल ऐसे अधिवक्ताओं का चुनाव होगा जो राज्य रोल में कम से कम 10 वर्ष से पंजीकृत हों. इसके अलावा न्यूनतम 4 सीटें महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित की गई हैं. नाम वापसी के बाद 31 मार्च शाम 5:00 तक उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट प्रकाशित होगी. अधिसूचना के मुताबिक 20 अप्रैल की सुबह 10:00 बजे से मतदान शुरू होगा. जो शाम 5:00 बजे तक चलेगा. 23 अप्रैल 2026 से मतों की गणना शुरू होगी.
यहां मिलेंगे नामांकन पत्र
उम्मीदवारों के लिए नामांकन पत्र बार काउंसिल ऑफ हिमाचल प्रदेश के शिमला के कार्यालय में उपलब्ध होंगे. 5 हज़ार रुपये के भुगतान पर उम्मीदवार नामांकन पत्र प्राप्त कर पाएंगे. प्रत्येक अभ्यर्थी को अधिकतम चार नामांकन पत्र जारी किए जाएंगे. इसके अलावा उम्मीदवार को प्रत्येक नामांकन पत्र के साथ 1 लाख 25 हज़ार की शुल्क राशि बैंक ड्राफ्ट/बैंकर चेक के माध्यम से "बार काउंसिल ऑफ हिमाचल प्रदेश" में जमा करानी होगी. विशेष रूप से सक्षम श्रेणी से संबंधित अधिवक्ता को सर्वोच्च न्यायालय के आदेश अनुसार 1 लाख 25 हजार के स्थान पर 15 हजार जमा करने होंगे.
ये भी पढ़ें: "एक्सीडेंटल CM" टिप्पणी पर भड़के जयराम ठाकुर, इस विधायक से हुई तीखी नोकझोंक, सदन में बोले- "नंगा कर दूंगा"

