हिमाचल में तीन साल में भूकंप के 67 झटके, चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी पर सबसे अधिक असर
हिमाचल भूकंप के अति संवेदनशील जोन-5 में आता है. तीन सालों में सबसे ज्यादा 26 झटके अकेले चंबा जिले में दर्ज हुए हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 5:00 PM IST
शिमला: भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील पांचवें जोन में आने वाले पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में तीन साल की अवधि में 67 छोटे-बड़े भूकंप आए हैं. सुख की खबर बस यही है कि इतने झटके आने के बाद भी यहां जीवन का कोई नुकसान नहीं हुआ. अलबत्ता संपत्ति को जरूर सात लाख रुपए से अधिक की हानि हुई है. हिमाचल में सबसे अधिक भूकंप चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू व मंडी में दर्ज किए गए. ये जानकारी हिमाचल विधानसभा के मानसून सेशन में सामने आई है. तीन दिन के अवकाश के बाद सोमवार को फिर से आरंभ हुए सदन में भरमौर से भाजपा सदस्य डॉ. जनकराज ने इस संदर्भ में सवाल किया था. सवाल अतारांरित था और इसका सरकार की तरफ से लिखित जवाब दिया गया.
सरकार की तरफ से दिए गए जवाब के अनुसार तीन साल की अवधि में पहली अगस्त 2026 तक राज्य में कुल 67 भूकंप के झटके आए. इन झटकों में नुकसान केवल चंबा व लाहौल-स्पीति में दर्ज किया गया. कुल नुकसान 7.05 लाख रुपए का आंका गया. इसमें से चंबा में 4.55 लाख रुपए व लाहौल-स्पीति में ढाई लाख रुपए का नुकसान दर्ज किया गया. सरकार ने बताया कि प्रदेश में भूकंप की चेतावनी के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं. राष्ट्रीय इंस्ट्रूमेशन नेटवर्क परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश में ऐसे सौ सिस्टम स्थापित किए जाने हैं. पहले चरण में सरकार ने बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला व सोलन में दस उपकरण लगाए जा रहे हैं. उनमें से चंबा में दो, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी व सोलन में एक-एक उपकरण लगाया जा चुका है. इन उपकरणो को स्थापित करने का खर्च राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र उठा रहा है.
अप्रैल 2024 में चंबा में 5.3 तीव्रता का भूकंप
सरकार की तरफ से दिए गए जवाब के अनुसार हिमाचल प्रदेश में जो भूकंप आए हैं, उनकी तीव्रता कम ही रही है. केवल चंबा में 4 अप्रैल 2024 को 5.3 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया. इसी प्रकार चंबा में ही इस साल 5 जून को पांच की तीव्रता का झटका आया था. सुख की बात ये रही कि अधिकांश भूकंप के झटकों की तीव्रता 3 से कुछ अधिक ही रही है. ऐसे में वर्ष 1905 में विनाशकारी भूकंप झेलने वाले राज्य के लिए तीन साल की अवधि में इस मोर्चे पर सुखद ही खबर रही है. कुल दर्ज किए गए 67 भूकंप में से अकेले चंबा में 26 झटके दर्ज किए गए. राज्य में वर्ष 2023 में 14, 2024 में 23, वर्ष 2025 में 15 व इस साल अगस्त तक 15 झटके आ चुके हैं.

