पशु मित्र भर्ती में फिजिकल ग्राउंड टेस्ट पर लगी रोक, विभाग नोटिफिकेशन में ये कहा
विभाग के मुताबिक प्रशासनिक कारणों से फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना संभव नहीं है, इसलिए इसे अगली सूचना तक रोका जा रहा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 16, 2026 at 1:19 PM IST
|Updated : February 16, 2026 at 2:53 PM IST
शिमला: हिमाचल में पशु मित्र भर्ती को लेकर बड़ा प्रशासनिक अपडेट सामने आया है. सरकार की ओर से जारी नई अधिसूचना के बाद फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगा दी गई है, जिससे अभ्यर्थियों में हलचल तेज हो गई है. लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह फैसला अहम माना जा रहा है. इसको लेकर पशु पालन विभाग की ओर से जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि प्रशासनिक कारणों के कारण भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित किया जाने वाला फिजिकल टेस्ट को फिलहाल अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.
विभागीय पत्र संख्या 259-260 3 जनवरी 2026 और पत्र संख्या 777 तरीख 14 जनवरी 2026 के संदर्भ में यह निर्देश जारी किए गए हैं. विभाग के मुताबिक प्रशासनिक कारणों से फिलहाल फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना संभव नहीं है, इसलिए इसे अगली सूचना तक रोका जा रहा है. ऐसे में अब पशु मित्र भर्ती तब तक नहीं होगी, जब तक इस मामले में पशुपालन निदेशालय की ओर से अगले आदेश जारी नहीं किए जाते.

फिजिकल टेस्ट का वीडियो वायरल होने के बाद छिड़ा विवाद
बीते दिनों पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया को लेकर फिजिकल टेस्ट के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. उसके बाद से इस भर्ती को लेकर प्रदेश में विवाद छिड़ा हुआ है. वीडियो में एक महिला अभ्यर्थियों शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान 25 किलोग्राम वजन उठाकर दौड़ते हुए नज़र आई. जिस लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए भर्ती नियमों, शारीरिक मानकों और मिलने वाले मानदेय पर सवाल उठाए थे. वायरल वीडियो मंडी जिले के धर्मपुर राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान से सामने आया था.
ये थे भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा के नियम
हिमाचल प्रदेश में पशुपालन विभाग में 500 पदों पर पशु मित्रों की भर्ती की जानी है. इसके लिए प्रदेश में जारी भर्ती की प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही थी. शारीरिक दक्षता परीक्षा के नियम थे कि अभ्यर्थियों को 25 किलोग्राम भार उठाकर 100 मीटर की दूरी एक मिनट के भीतर तय करनी होगी. विभाग का कहना है कि यह मानक कार्य की प्रकृति को ध्यान में रखकर तय किया गया है, ताकि चयनित अभ्यर्थी फील्ड में काम करने में सक्षम हों.
क्या कहा गया है आदेश में
डायरेक्टर, एनिमल हसबेंडरी, हिमाचल प्रदेश की ओर से 16 फरवरी 2026 को जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सभी कंट्रोलिंग ऑफिसर्स तत्काल प्रभाव से फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया को रोक दें और आगामी आदेशों की प्रतीक्षा करें. बता दें कि प्रदेश के पशुपालन विभाग में पशु मित्रों के 500 पद भरे जाने हैं, जिसके लिए प्रदेश के सभी 12 जिलों मेंपशु मित्रों के पद भरने का प्रोसेस चल रहा था. हर जिला में पशु मित्रों के ये पद सब डिविजन स्तर पर भरे जा रहे थे.
कहां भरे जाने हैं कितने पद
हिमाचल के सभी 12 जिलों के तहत पड़ने वाले 64 सब डिविजनों में पशु मित्रों के कुल 500 पद भरे जाने थे, जिसमें सबसे अधिक पद पशु पालन मंत्री के जिला कांगड़ा में भरे जाने थे. यहां पशु मित्रों के 123 पद, किन्नौर में 13, ऊना में 36, बिलासपुर में 17, सोलन 37, लाहौल स्पीति 3, सिरमौर 37, शिमला 83, कुल्लू 15, हमीरपुर 28, मंडी 66 और चंबा जिला में पशु मित्रों के 40 पद भरे जाने है. जिसके लिए अब फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया को रोक दिया गया है.

