चुनाव के रंग: युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक दिखा उत्साह
हिमाचल में आज पंचायत चुनाव को लेकर तीसरे चरण में मतदान किया गया, बड़ी संख्या में बुजुर्गों और युवाओं ने हिस्सा लिया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 30, 2026 at 6:39 PM IST
|Updated : May 30, 2026 at 7:01 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में आज पंचायत चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए मतदान हुआ. प्रदेशभर में खराब मौसम के बावजूद भी मतदाताओं में पंचायत चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला है. बारिश के बीच भी लोग पोलिंग स्टेशन पहुंचे और अपना कीमती वोट डाला. इस दौरान बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग बढ़चढ़ कर चुनावों में हिस्सा लिया, खासकर वे युवा जो फर्स्ट टाइम वोटर हैं, वे अपने मताधिकार को लेकर ज्यादा उत्साहित दिखे हैं.

पंचायती राज चुनाव के तीसरे व अंतिम चरण में लोकतंत्र के महापर्व के अवसर पर बुजुर्ग भी बढ़कर भाग ले रहे हैं. सिरमौर जिले में ग्राम पंचायत सुरला के वार्ड नंबर 6 के तहत पोलिंग स्टेशन चासी धोबघाट में 96 साल के भूतपूर्व सैनिक नायब सूबेदार केशो राम ने अपना वोट डाला.

वहीं, सराज विधानसभा में शिल्ही बागी और बगाचनोगी पंचायत के तहत आने वाले धारवाड़ थाच वार्ड नंबर 7 में सरोज शर्मा ने पहली बार वोट डाला. वहीं, शिल्ही बागी पंचायत के बहलिघधर वार्ड नंबर-21 में ममता देवी ने भी पहली बार अपने मत का प्रयोग किया, जबकि 82 साल के कांशीराम ने एक साथी की मदद से गट्टू पंचायत के तहत अपना वोट डाला.

इसी कड़ी में शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत किन्नू में मतदान 100 साल के बुजुर्ग ने मतदान किया और लोकतंत्र के महापर्व यानी पंचायत चुनाव में अपना अहम योगदान दिया.

पंचायत चुनाव के महापर्व पर शिमला जिले के कोटखाई के बागडुमहर पंचायत चुनाव में दल्सार की रहने वाली 94 साल की महिला दसोदा देवी ने वोट डाला.

वहीं, विकासखंड भुंतर के तेगुबेहर वार्ड नंबर-1 में 81 साल के गंगा राम और 76 साल की देवी ने मतदान किया. डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र ने बताया कि तृतीय चरण में विकासखंड भुंतर की जिया, कसोल, जरी, चोंग, शाट, तलपीणी, पीणी, तलाड़ा, काठीभलाण, शियाह, हुरला, रोट, मंझली, बड़ाभुईंन, हाट, परागणु और तेगूबेहड़ पंचायतों में मतदान हुआ.

कुल्लू जिले में 90 साल की देवकू देवी ने ग्राम पंचायत हाट में वोट दिया. वहीं, 85 साल के देवी सिंह ठाकुर और 80 साल की कमला ठाकुर ने भी अपने मत का प्रयोग किया. इसके अलावा विकासखंड आनी में साक्षी ठाकुर ने पहली बार वोट डाला.

मंडी जिले में मनोह पंचायत के बस्सी में 90 साल के बुजुर्ग बहादुर राम खुद पैदल चलकर पोलिंग स्टेशन पहुंचे और मतदान किया. वहीं, ग्राम पंचायत बागशाड़ में 98 साल के देवीरूप ने भी मतदान किया.

मंडी के करसोग में बारिश के बावजूद भी मतदाताओं ने वोट डाला. 80 साल की चैत्री देवी ने बारिश के बीच ग्राम पंचायत केलोधार के पोलिंग बूथ नंबर-4 डीपीएफ शिल्ह में अपना मतदान किया. वहीं, 92 साल के काशी राम ने जंजैहली, वार्ड नंबर-5 में अपना वोट डाला, जबकि माठू राम शर्मा ने 99 साल की आयु में अपने मत का प्रयोग किया.

शिमला के ठियोग में फ्सर्ट टाइम वोटर ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया. कलंदा मटियाना के वार्ड नंबर-2 में युवा मतदाताओं ने पहली बार वोट डाला. वहीं, 20 साल की श्रेया वर्मा ने भी पहली बार देवरीघाट के वार्ड नंबर-6 शक्रौत में अपने मत का प्रयोग किया.

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की माता ब्रिकु देवी ने भी ग्राम पंचायत मुरहाग में अपना वोट डाला. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी अपनी गृह पंचायत में अपना वोट डाला और अन्य मतदाताओं से भी मत देने की अपील की.

सिरमौर जिले में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में सेनवाला के 62 साल के राम गोपाल, आम्बवाला की 70 साल की वीरमती और 78 साल की अमरा देवी ने पोलिंग स्टेशन पहुंचकर वोट डाला.

मंडी जिले में ग्राम पंचायत गुम्मा में 85 साल की छिड़की देवी और 86 साल की चनेहनी देवी ने मतदान किया. बाशिंग में 95 साल की शुकरी देवी ने वोट डाला. ग्राम पंचायत सलिंगचा के 102 साल के चंदे राम ने मतदान किया.

पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में कुल्लू जिले में 100 साल के शिवचंद ने ग्राम पंचायत बलह में वार्ड नंबर 6 धमसेड़ में आज मतदान किया. वहीं, ग्राम पंचायत जिया में वार्ड नंबर-5 में 85 साल के नारायण दास और 80 साल के चन्दरू देवी ने डाला वोट.

हिमाचल में लोकतंत्र के पर्व में कुल्लू की संजना, बनिता, शूलनी, वंदना ने बाशिंग पंचायत में किया अपना पहला मतदान. पंचायत चुनावों को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

कुल्लू जिले में जगतसुख गांव की सबसे बुजुर्ग 108 वर्षीय हिमी देवी ने अपने मताधिकार का किया प्रयोग. लोकतंत्र के महापर्व पर ग्राम पंचायत शमानी के वार्ड नंबर-4 में 91 वर्षीय बुजुर्ग ने डाला वोट. चोंग पंचायत से बंसी लाल वर्मा ने 87 साल की उम्र में मतदान किया.

वहीं, सोलन जिले में विकासखंड सोलन की ग्राम पंचायत पड़ग में 103 साल के रतन शर्मा ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. विकासखंड सोलन की ग्राम पंचायत बसाल में 80 साल की कांता देवी ने डाला अपना वोट.

