ETV Bharat / state

पूर्व सीएम के विधानसभा क्षेत्र में ये सीट बनी 'हॉट सीट', इन दिग्गजों के चुनावी रण में उतरने से बढ़ा रोमांच

पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के पंचायत चुनाव में उतरने से यहां चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प बन गया है.

Himachal Panchayat Elections 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव 2026 (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 20, 2026 at 2:35 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सराज: हिमाचल प्रदेश नगर निकायों के चुनावों के बाद अब सबकी नजरें पंचायत चुनाव पर टिकी हुई हैं. बता दें कि इन चुनावों को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एक पृष्ठभूमि की तरह देखा जा रहा है, जिसके चलते प्रदेश में पंचायत चुनाव इस बार बेहद दिलचस्प नजर आ रहे हैं. वहीं, कई जगहों पर पंचायत चुनाव में हॉट सीट बनी हुई हैं. कई सीटों पर दिग्गजों की टक्कर ने इन सीटों पर चुनावी मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है. ऐसी ही एक सीट पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र में भी है.

इन दो दिग्गजों के कारण ब्रेओगी बनी हॉट सीट

दरअसल सराज विधानसभा क्षेत्र की वार्ड नंबर 13 ब्रेओगी इस बार चुनावी रण का सबसे चर्चित केंद्र बनी हुई है. पंचायत चुनाव में यहां मुकाबला इतना दिलचस्प हो गया है कि पूरे क्षेत्र की नजरें अब इसी सीट पर टिक गई हैं. बता दें कि जिला परिषद के पद के लिए यहां एक ओर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष तरूण ठाकुर मैदान में हैं, तो वहीं दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा जंजैहली मंडल के अध्यक्ष रोहित ठाकुर इस सीट से चुनावी मैदान में उतरे हैं. दोनों दिग्गजों की मौजूदगी ने मुकाबले को पूरी तरह से प्रतिष्ठा की लड़ाई बना दिया है. पूरे क्षेत्र में अब चर्चा है कि आखिरी कौन इस बार के चुनाव में अपनी साख बचा पाएगा.

कांग्रेस ने नहीं उतारा अपना कोई प्रत्याशी

भाजपा प्रत्याशी रोहित ठाकुर के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर चुनावी मैदान में उतरे हैं. नेता प्रतिपक्ष ने रोहित ठाकुर के समर्थन में कई जनसभा एवं नुक्कड़ सभाएं आयोजित की और लोगों से उनके सहयोग की अपील की. बता दें कि इस बार कांग्रेस ने इस सीट से अपना कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं उतारा है. प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव रण में कूदे हैं. ऐसे में 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मिल्कफेड चैयरमेन चेतराम अपने इकलौते बेटे तरुण ठाकुर के लिए पूरी ताकत झोंकते हुए नजर आ रहे हैं. गांव-गांव बैठको, जनसंपर्क और समर्थकों की सक्रियता ने चुनावी माहौल को पूरी तरह से गरमा दिया है.

लोगों में पंचायत चुनाव को लेकर रोमांच

ब्रेओगी वार्ड में इस बार मुकाबला सिर्फ जिला परिषद चुनने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि ये राजनीतिक ताकत दिखाने की जंग बन चुका है. दोनों पक्षों के समर्थक अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं. सराज विधानसभा क्षेत्र में सोशल मीडिया से लेकर चौपालों तक इस हॉट सीट की चर्चा सुनाई दे रही है. वहीं, सराज के लोगोंं का कहना है कि लंबे समय बाद पंचायत चुनाव में इतना रोमांच देखने को मिल रहा है. युवा चेहरों की एंट्री और बड़े नेताओं की सक्रियता ने चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है. अब देखना होगा कि जनता किस पर भरोसा जताती है और ब्रेओगी की इस हॉट सीट का ताज आखिर किसके सिर सजता है?

पूर्व माकपा कॉमरेड को कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष का समर्थन

वहीं, जहां नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मिल्कफेड चैयरमेन चेतराम दोनों अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत निश्चित करे में लगे हैं. वहीं, सराज कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश रैड्डी, पूर्व माकपा कॉमरेड नरेंद्र रेड्डी के समर्थन में जुटे हुए हैं. बात दें कि जिला परिषद के पद के लिए ब्रेओगी वार्ड में 6 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं. इनमें एक भाजपा समर्थित उम्मीदवार हैं, जबकि बाकी आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं. ब्रेओगी वार्ड में कुल 18 पंचायतें आती है, इसमें तुंगाधार, जंजैहली, बूंग रैलचौक, ढीम कटारू, सगंलवाड़ा गुड़ाह, ब्रेओगी, काकड़ाधार, मैहरीधार, छतरी, गतू, जनेहड़, बहल सैंज, बगड़ाथाच, खौली, थाचधार, घाट और जुफरलोट पंचायत शामिल है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल की इन पंचायतों में प्रधान और उपप्रधान के लिए नहीं डाले जाएंगे वोट, जाने इसके पीछे की वजह

ये भी पढ़ें: 'जीत के झूठे आंकड़े पेश कर रहे CM सुक्खू, ताकि पंचायत चुनावों को प्रभावित किया जा सके'

ये भी पढ़ें: हिमाचल में कौन होगा 2027 का किंग, किसे मिलेगा सुख, किसकी होगी जय, खत्म होने वाली है इंतजार की घड़ी

ये भी पढ़ें: पहले हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल में की सेवा, अब प्रधान पद के लिए ठोकी ताल

ये भी पढ़ें: जिस वार्ड में रहते हैं पार्टी के 3-3 पदाधिकारी वहां बीजेपी फिसड्डी, तीसरे नंबर पर रहा प्रत्याशी