ETV Bharat / state

सिर्फ 2 वोटों से जीती रचना देवी, बनी प्रधान

रचना देवी को पंचायत चुनाव में मिले 232 वोट, प्रधान पद पर की जीत हासिल.

Himachal Panchayat Election 2026
2 वोटों के अंतर से जीती रचना देवी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 31, 2026 at 1:20 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रामपुर: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव संपन्न हो गए हैं. प्रदेश में तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को मतदान हुआ है और उसी दिन चुनाव के नतीजे भी घोषित कर दिए गए. पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेशभर से कई दिलचस्प चुनावी नतीजे सामने आए हैं. वहीं, पंचायत चुनावों में एक-एक वोट की अहमियत होती है, इसका एक उदाहरण रामपुर बुशहर की ग्राम पंचायत पलजारा में देखने को मिला, जहां प्रधान पद का चुनाव बेहद रोमांचक मुकाबले में बदल गया.

2 वोटों से प्रधान पद पर जीत-हार

रामपुर बुशहर की ग्राम पंचायत पलजारा में 30 मई को तीसरे चरण में पंचायत चुनाव के लिए मतदान हुआ और शाम के समय चुनावी नतीजे भी घोषित कर दिए गए. यहां पर प्रधान पद का चुनाव बेहद रोचक रहा. मतगणना के बाद रचना देवी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रीति तोमर को मात्र 2 वोटों के अंतर से पराजित किया और प्रधान पद पर जीत दर्ज की.

3 प्रत्याशियों को मिले इतने वोट

प्रधान पद के लिए 3 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा था. चुनावी नतीजों के अनुसार रचना देवी को 232 वोट, प्रीति तोमर को 230 वोट और किरण बाला को 186 वोट प्राप्त हुए. इस तरह जीत और हार के बीच सिर्फ 2 मतों का फासला रहा, जिसने पूरे चुनाव परिणाम को क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया. मतगणना में कुल 648 वैध मत पाए गए, जबकि 5 मत अस्वीकृत घोषित किए गए. वहीं, 1 मत नोटा के पक्ष में डाला गया. मतदान पेटी से कुल 654 मत प्राप्त हुए.

लोकतंत्र में हर एक वोट कीमती

इस चुनावी परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लोकतंत्र में हर वोट की अपनी अलग कीमत होती है. अगर एक या दो वोट भी इधर-उधर हो जाएं तो पूरा चुनाव परिणाम ही बदल सकता है, खासकर पंचायत चुनावों में इन वोटों की अहमियत और ज्यादा बढ़ जाती है, जब पंचायतों में बहुत कम फासलों से हार और जीत का फैसला होता है. ग्राम पंचायत पलजारा के इस चुनाव को क्षेत्र में सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: इस पंचायत में 22 की उम्र में उप प्रधान की कुर्सी पर साहिल, युवाओं ने कहा- अब चलेगी नई सोच की सरकार

ये भी पढ़ें: पूर्व HAS घनश्याम चंद संभालेंगे प्रधान पद की कमान, रिटायरमेंट के बाद ग्रामीण राजनीति में खेलेंगे नई पारी