ETV Bharat / state

हिमाचल में फीमेल व मेल हैल्थ वर्कर्स 3534 पद खाली, जानिए क्यों नियमित नहीं होंगी आशा कार्यकर्ता, सरकार ने क्या दिया है जवाब

कांग्रेस विधायक हरदीप बावा ने विधानसभा के मानसून सत्र में इस संबंध में सवाल पूछा था.

Health Workers
हिमाचल में फीमेल व मेल हैल्थ वर्कर्स के कितने पद खाली? (FILE@ETVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 31, 2026 at 7:37 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में फीमेल हैल्थ वर्कर्स यानी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता व मेल हैल्थ वर्कर यानी पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के कुल 3534 पद खाली हैं. महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 1610 व पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 1924 पद रिक्त पड़े हुए हैं. वहीं, राज्य सरकार हिमाचल में आशा कार्यकर्ताओं को नियमित करने का कोई विचार नहीं रखती है. राज्य सरकार का कहना है कि आशा कार्यकर्ता प्रोत्साहन राशि आधारित वर्कर्स हैं. उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों के तहत और राज्य सरकार की तरफ से कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि व मानदेय दिया जाता है. सरकार का कहना है कि आशा वर्कर्स स्वैच्छिक कार्यकर्ता हैं और वे नेशनल हैल्थ मिशन के दिशा-निर्देश में प्रोत्साहन पर काम करती हैं. स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ताओं के लिए स्थायी कैडर या नियमित पद का कोई प्रावधान नहीं है. इसलिए उनके समायोजन के लिए इस तरह का कोई कैडर चिन्हित अथवा स्थापित नहीं किया गया है.

विधायक हरदीप बावा ने पूछा था सवाल

ये सारी जानकारी हिमाचल विधानसभा के मानसून सेशन में एक सवाल के जवाब में सामने आई है. नालागढ़ से कांग्रेस विधायक हरदीप बावा जानना चाहते थे कि हिमाचल प्रदेश में राज्य में फीमेल व मेल हैल्थ वर्कर्स के कितने पद खाली हैं और आशा कार्यकर्ताओं को नियमित करने के लिए कोई स्थाई नीति बनाने पर विचार किया जा रहा है? यदि सरकार नीति बनाने पर विचार कर रही है तो ये कब तक बनेगी और यदि ऐसा विचार नहीं है तो इसका कारण क्या है? विधायक के सवाल के विस्तृत जवाब में सरकार की तरफ से बताया गया कि राज्य में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 2,304 मंजूर पदों में से 694 पद ही भरे हुए हैं. इस वर्ग में कुल 1,610 पद खाली हैं. इसी तरह पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 2,072 स्वीकृत पदों में से महज 148 पद भरे हुए हैं. इसके अलावा कुल 1,924 पद खाली पड़े हुए हैं. मेल व फीमेल इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर 4,376 स्वीकृत पदों में से 3,534 पद खाली हैं. स्वास्थ्य निदेशालय स्तर पर भी पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता के चार स्वीकृत पदों में से कोई भी पद भरा हुआ नहीं है.

किस जिले में कितने पद खाली?

आंकड़ों के अनुसार जिला कांगड़ा में सबसे अधिक पद खाली हैं. यहां महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 354 और पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 410, यानी कुल मिलाकर 764 पद खाली हैं. जिला मंडी में 463, जिला शिमला में 476, जिला चंबा में 313, जिला सोलन में 314 और जला बिलासपुर में 174 पोस्टें रिक्त हैं. जिला लाहौल-स्पीति में पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के सभी 37 पद खाली हैं. वहीं, जिला में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 21 पद रिक्त हैं.

ये भी पढ़ें: जिस स्कूल के आंगन में पढ़कर बने अफसर, अब उसे लिया गोद, 9वीं से 12वीं के छात्रों को आजीवन देंगे मिड-डे मील

ये भी पढ़ें: हिमाचल में छात्र-शिक्षक अनुपात देश में सबसे अच्छा, फिर भी केवल एक टीचर के सहारे 3214 प्राइमरी व 101 मिडल स्कूल