ETV Bharat / state

हिमाचल में मक्की की खेती करना हुआ महंगा! बीज में इतने रुपए की बढ़ोतरी

हिमाचल में इस साल डबल क्रॉस बीज के दाम में बढ़ोतरी हुई है, जिससे किसानों पर महंगे मक्की के बीज की मार पड़ी है.

Himachal Maize Seed Price Hike
हिमाचल में मक्की की खेती (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 13, 2026 at 11:02 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में इस बार किसानों को मक्की की खेती करना महंगा पड़ने वाला है, क्योंकि प्रदेशभर में इस बार मक्की के बीज महंगा हो गया है. वहीं, कुल्लू जिले में भी लंबे समय से मक्की के बीज का इंतजार कर रहे किसानों को इस बार महंगे दाम पर ही बीज खरीदना होगा. कुल्लू सहित प्रदेश के सभी जिलों को कृषि विभाग ने डबल क्रॉस नामक मक्की के बीज की खेप भेज दी है, लेकिन बीज के दाम में बढ़ोतरी की गई है. प्रदेश में इस बार किसानों को मक्की का बीज 10 रुपये महंगा मिलेगा. पिछले साल यही बीज किसानों को 80 रुपए प्रति किलो के हिसाब से दिया था, अब 90 रुपए प्रति किलो में दिया जा रहा है. कुल्लू जिले में विभाग ने 45 क्विंटल बीज पहुंचा दिया है. वहीं, इस बार बीज 10 से 12 दिन देरी से पहुंचा है.

"विभाग के पास 45 क्विंटल डबल क्रॉस बीज आ गया है और किसानों को 90 रुपए प्रति किलो के हिसाब से दिया जा रहा है. मक्की की बिजाई जून माह तक कर सकते हैं. बाकी किस्म का बीज भी जल्द विभाग के पास पहुंचेगा और उसे जिला कुल्लू के सभी विक्रय केंद्रों में वितरित किया जाएगा." - डॉ. रितु गुप्ता, उपनिदेशक, कृषि विभाग कुल्लू

3 साल में 25 रुपए महंगा हुआ बीज

कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार किसानों के पास अलग-अलग किस्म का मक्की का बीज आता है. इस बार अभी डबल क्रॉस किस्म का बीज ही पहुंचा है. पिछले तीन साल में मक्की का बीज 25 रुपए महंगा हुआ है. जिस कारण अब जिले में मक्की के बीज की मांग भी घट गई है. साल 2025 की अगर बात करे तो उस दौरान कृषि विभाग ने किसानों को करीब 350 क्विंटल बीज वितरित किया था और इस बार 190 क्विंटल की मांग ही भेजी गई है. कृषि विभाग के अुसार कुल्लू जिले में करीब 9,000 हेक्टेयर में मक्की की खेती की जाती है. घाटी के निचले इलाकों के किसानों ने दो सप्ताह पूर्व ही मक्की की बिजाई शुरू कर दी है.

किसानों को मक्की के बीज का था बेसब्री से इंतजार

जिला कुल्लू के किसान हरीश कुमार, वीरेंद्र कुमार का कहना है कि किसानों को मक्की बीज का बेसब्री से इंतजार था, लेकिन देरी से बीज आने से कई किसानों ने खुद के रखे बीज की ही बिजाई कर दी है. इसके अलावा अबकी बार बीज के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं, जिसके चलते मक्की की खेती करना भी अब किसानों के लिए काफी महंगा हो गया है. किसानों का कहना है कि कृषि विभाग के पास अभी मक्की की सिर्फ डबल क्रॉस बीज की किस्म आई है. अभी हाइब्रिड सिंगल क्रॉस और कंचन किस्म का बीज कृषि विभाग के पास आएगा.

ये भी पढ़ें: कुल्लू में ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलें, 2.40 करोड़ का नुकसान

ये भी पढ़ें: हिमाचल में मक्की पर सब्सिडी बंद, इतने रुपए महंगा हो गया बीज