चंबा जिले की बेटी बनी सेना में लेफ्टिनेंट, वर्दी में देख पिता की आंखों से छलके खुशी के आंसू
हिमाचल के चुराह क्षेत्र की बेटी काजल ठाकुर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनीं. प्रदेश का नाम किया रोशन.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 23, 2026 at 10:13 PM IST
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के उपमंडल चुराह की बेटी काजल ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति पाकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे चुराह घाटी और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है. वह चुराह घाटी की पहली ऐसी बेटी बन गई हैं, जिन्होंने सेना में अधिकारी बनकर एक नई मिसाल कायम की है. काजल ठाकुर चुराह क्षेत्र की भंजराड़ू पंचायत के गांव डिकरियूंड की रहने वाली हैं. कोलकाता में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्त किया गया. इस भावुक और गौरवपूर्ण क्षण में काजल के माता-पिता उपस्थित रहे. जब काजल के कंधों पर सितारों वाली वर्दी सजी तो गर्व से परिजनों की आंखें से आंसू छलक उठे.
पिता जेबीटी अध्यापक, बेटी बनीं लेफ्टिनेंट
काजल ठाकुर के पिता जगदीश ठाकुर शिक्षा विभाग में बतौर जेबीटी अध्यापक अपनी सेवाएं दे रहे हैं. बेटी की इस उपलब्धि पर वह काफी गर्व महसूस कर रहे हैं. जगदीश ठाकुर ने कहा, 'जिस तरह की उपलब्धि मेरी बेटी ने हासिल की है, ऐसे ही अन्य बेटियों को भी सीख लेनी चाहिए. लोगों को बेटियों के लिए हमेशा शिक्षा या अन्य क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए उन्हें प्रेरित करना चाहिए. ताकि बेटियां अपने सपनों को साकार कर सकें'.
शिक्षक के घर पली, मेहनत से पाया मुकाम
काजल ठाकुर का सफर अनुशासन और शिक्षा से भरपूर रहा है. उनके पिता जेबीटी शिक्षक हैं. बेटी की इस सफलता से गांव में खुशी का माहौल है. हर कोई काजल की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है. चुराह विधानसभा क्षेत्र की भंजराडू पंचायत में डिकरियुंड गांव से सबंध रखने वाली काजल ठाकुर कि प्रारंभिक पढ़ाई मजराडू से ही हुई है. बचपन से ही वह पढ़ाई में तेज थी. काजल का सपना था कि वह सेना में लेफ्टिनेंट बने और आज उन्होंने अपना सपना साकार किया है.
विधायक हंसराज ने काजल को दी बधाई
वहीं, काजल की इस उपलब्धि पर चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हंसराज ने उन्हें बधाई दी. विधायक हंसराज ने काजल को अपने फेसबुक पेज पर बधाई दी है. 'हमारे विधानसभा क्षेत्र चुराह की ग्राम पंचायत भंजराड़ू के डिकरियुंड निवासी भाई जगदीश ठाकुर की बेटी काजल ठाकुर सेना में लेफ्टिनेंट बन समूचे चुराह-चंबा का नाम देश भर में रोशन कर हम सभी को गौरवान्वित किया है. समस्त परिवारजनों को बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं'.
बेटी है तो मुमकिन हैं...
डीसी चंबा मुकेश रेपिसवाल ने कहा, 'बेटी है तो मुमकिन है, जिस तरह से बेटी ने सेवा में लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया है, उसे पूरा जिला गर्व महसूस कर रहा है. काजल से पूरे जिले की बेटियों को सीख लेने की आवश्यकता है. मेहनत और सच्ची लगन से बेटियां किसी भी कार्य क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं. बशर्ते उन्हें आगे बढ़ाने के लिए उनके परिवार का अहम योगदान होना चाहिए'.
ये भी पढ़ें: हमीरपुर के रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, JEE Main में 99.95% के साथ बने हिमाचल टॉपर

