ETV Bharat / state

हिमाचल से नेपाल गए लोगों से संपर्क न हो तो यहां करें सूचित, प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नेपाल में गए अपने परिजनों से संपर्क न होने की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें.

Himachal people missing Nepal Flood
नेपाल आपदा के बाद हिमाचल ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर (IANS)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 8:32 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर/कुल्लू/रामपुर: शिमला: नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ के बाद हिमाचल प्रदेश में प्रशासन अलर्ट हो गया है. नेपाल यात्रा पर गए हिमाचल के लोगों की जानकारी जुटाने के लिए कई जिलों में विशेष हेल्पडेस्क और हेल्पलाइन शुरू की गई हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि नेपाल गए उनके किसी परिजन या परिचित से संपर्क नहीं हो पा रहा है, वह फंसा हुआ है या उसके लापता होने की आशंका है, तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें. इससे संबंधित व्यक्ति की स्थिति और लोकेशन का पता लगाने में मदद मिल सकेगी.

SDMA ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

हिमाचल प्रदेश स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने नेपाल में फंसे या लापता हिमाचल के नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए है. प्राधिकरण ने कहा है कि अगर हिमाचल प्रदेश का कोई नागरिक नेपाल में लापता है, फंसा हुआ है या उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत स्टेट हेल्पलाइन नंबर 1070/1077 और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र 94594-55841 पर दें.

लोगों की जानकारी जुटा रहा प्रशासन

हमीरपुर में एडीसी अभिषेक गर्ग ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि यदि जिले का कोई व्यक्ति नेपाल यात्रा पर गया है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो इसकी सूचना निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन को दी जाए.प्रशासन के अनुसार, नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद गृह विभाग की ओर से नेपाल यात्रा पर गए लोगों की जानकारी मांगी गई है. इसका उद्देश्य नेपाल में मौजूद हिमाचल के लोगों की स्थिति और लोकेशन का पता लगाना है.हमीरपुर प्रशासन ने जिलावासियों से अपील की है कि यदि उनका कोई परिजन, रिश्तेदार या परिचित नेपाल गया है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो वे तुरंत संबंधित एसडीएम, तहसीलदार या खंड विकास अधिकारी को जानकारी दें. प्रशासन ने अधिकारियों को ऐसी सूचनाओं पर बिना देरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

मंडी में विशेष हेल्पडेस्क स्थापित

मंडी जिला प्रशासन ने भी पहल करते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किया है. अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती ने बताया कि यदि मंडी जिले का कोई व्यक्ति नेपाल में फंसा हुआ है, लापता है या उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है, तो उसके परिवार के लोग बिना देरी प्रशासन को सूचना दें.मंडी प्रशासन ने जानकारी देने के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1077 के अलावा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के लैंडलाइन नंबर 01905-226201, 01905-226202, 01905-226203 और 01905-226204 जारी किए हैं. परिजन नजदीकी एसडीएम कार्यालय में भी जानकारी दे सकते हैं.

लाहौल-स्पीति प्रशासन ने भी जारी किया हेल्पलाइन नंबर

लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने भी नेपाल गए जिले के लोगों की जानकारी जुटाने के लिए हेल्पलाइन जारी की है. प्रशासन ने परिवारजनों, रिश्तेदारों और परिचितों से अपील की है कि यदि उनका कोई सदस्य नेपाल में फंसा, लापता या प्रभावित हुआ है, तो उसकी जानकारी तत्काल जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को दें.जानकारी देते समय संबंधित व्यक्ति का नाम, जन्म तिथि, पासपोर्ट या पहचान पत्र का विवरण, मोबाइल नंबर या ई-मेल और लाहौल-स्पीति में स्थायी पता उपलब्ध करवाने को कहा गया है. इससे संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के साथ समन्वय कर तलाश, सहायता और बचाव कार्य में मदद मिल सकेगी.लोग दूरभाष नंबर 01900-202509, 01978-202510, 01978-202517 और मोबाइल नंबर 94594-61355 पर जानकारी दे सकते हैं. इसके अलावा जिला आपदा प्रबंधन की टोल फ्री हेल्पलाइन 1077 पर भी संपर्क किया जा सकता है.प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा न करें. केवल सही और सत्यापित जानकारी ही प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि राहत और सहायता कार्यों में किसी तरह की परेशानी न हो.

रामपुर प्रशासन ने भी मांगी जानकारी

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल प्रशासन ने भी जरूरी सूचना जारी की है. प्रशासन ने कहा है कि यदि रामपुर उपमंडल का कोई व्यक्ति नेपाल में है और घटना के बाद से उसके परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है या उसके लापता होने की आशंका है, तो परिवारजन तुरंत उपमंडलाधिकारी रामपुर के कार्यालय में सूचना दें.परिजन 01782-23002 नंबर पर भी प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं. सूचना देते समय संबंधित व्यक्ति का पूरा नाम, माता-पिता का नाम, मोबाइल नंबर, स्थायी पता, नेपाल जाने की तारीख और स्थान, नेपाल में संभावित स्थान, आखिरी बार कब और कहां संपर्क हुआ तथा परिवारजन का संपर्क नंबर उपलब्ध करवाने को कहा गया है.

प्रशासन की लोगों से अपील

प्रशासन के अनुसार प्राप्त जानकारी को सरकार और संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाएगा. इसके बाद विदेश मंत्रालय और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि समय पर सही जानकारी मिलने से नेपाल में मौजूद किसी व्यक्ति की स्थिति का पता लगाने और जरूरत पड़ने पर सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नेपाल में गए अपने परिजनों से संपर्क न होने की स्थिति में बिना देरी प्रशासन को सूचना दें. साथ ही जिन लोगों से संपर्क स्थापित हो चुका है, उनके संबंध में भी आवश्यक जानकारी प्रशासन के साथ साझा की जा सकती है, ताकि नेपाल गए हिमाचल के लोगों का डाटा अपडेट रखा जा सके.

ये भी पढ़ें: सतुलज के पानी को किया जहरीला! पंजाब में हिमाचल के उद्योगों के खिलाफ FIR, रूपनगर के MLA पहुंचे बद्दी

ये भी पढ़ें: ऐसा क्या बोल गए पहली बार के विधायक सुदर्शन बबलू, नेता प्रतिपक्ष ने सख्ती से टोका तो बचाव में उतरे CM सुक्खू