हिमाचल के बेटे IPS अजय कृष्ण शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी, दिल्ली पुलिस में बने ज्वाइंट कमिश्नर
आईपीएस अजय कृष्ण शर्मा कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं. उनकी की यह उपलब्धि हिमाचल के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 22, 2026 at 7:28 AM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के धनेटा क्षेत्र के गांव लंजर निवासी आईपीएस अधिकारी अजय कृष्ण शर्मा को पदोन्नति के बाद दिल्ली पुलिस में ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है. उन्होंने दिल्ली पुलिस में अपने नए पद का कार्यभार संभाल लिया है. इससे पहले वह गोवा में पुलिस महानिरीक्षक यानी IG के पद पर सेवाएं दे रहे थे. उनकी इस उपलब्धि से धनेटा क्षेत्र सहित पूरे हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है.
ग्रामीण परिवेश से निकलकर हासिल किया मुकाम
अजय कृष्ण शर्मा की सफलता ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश की प्रतिष्ठित पुलिस सेवा में महत्वपूर्ण पद तक पहुंचने की मिसाल है. उनकी मेहनत, प्रतिभा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा ने उन्हें पुलिस सेवा में यह मुकाम दिलाया है. क्षेत्र के लोगों के लिए उनकी उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने ग्रामीण पृष्ठभूमि से अपनी शिक्षा और करियर की शुरुआत की और आगे चलकर देश की राजधानी में महत्वपूर्ण पुलिस जिम्मेदारी हासिल की.
अजय कृष्ण शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनेटा से हुई. उन्होंने वर्ष 1984 में मैट्रिक की परीक्षा पास की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए कांगड़ा का रुख किया। वर्ष 1988 में उन्होंने राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर से बीएससी की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वर्ष 1990 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में एमएससी की डिग्री हासिल की.
वन विभाग से पुलिस सेवा तक का सफर
शिक्षा पूरी करने के बाद वर्ष 1990 से 1995 तक अजय कृष्ण शर्मा ने वन विभाग में रेंजर के रूप में सेवाएं दीं. वर्ष 1995 में उनका चयन हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा में हुआ. पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं. अपनी कार्यक्षमता और अनुभव के आधार पर उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं.
IB और संवेदनशील क्षेत्रों में भी दी सेवाएं
अजय कृष्ण शर्मा देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने करीब एक दशक तक भारत सरकार के इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी IB में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दीं. इसके अलावा उन्होंने दिल्ली पुलिस और अंडमान निकोबार जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी जिम्मेदारी संभाली. इन पदों पर काम करने के दौरान उन्हें सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों का व्यापक अनुभव मिला.
गोवा IG के बाद दिल्ली पुलिस में बड़ी जिम्मेदारी
गोवा में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर सेवाएं देने के बाद अब अजय कृष्ण शर्मा को दिल्ली पुलिस में ज्वाइंट कमिश्नर की जिम्मेदारी मिली है. उनके नए पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनके परिवार और पैतृक गांव लंजर में खुशी का माहौल है. क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने अपनी उपलब्धि से परिवार और गांव के साथ पूरे हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है.
अजय कृष्ण शर्मा की यह उपलब्धि हिमाचल के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है. उनकी यात्रा बताती है कि ग्रामीण परिवेश से आने वाला युवा भी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों तक पहुंच सकता है. क्षेत्रवासियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में आसान नहीं नौकरशाहों की संख्या कम करना, पूर्व IAS और MLA जेआर कटवाल ने बताए कारण
ये भी पढ़ें: 191 देशों की साइकिल यात्रा, 2 लाख KM का सफर, तालिबान की कैद से कोरोना तक... ऐसी है सोमेन देबनाथ की कहानी

