भूगोल-कॉमर्स शिक्षक भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, इतने उम्मीदवारों का हुआ चयन
जो उम्मीदवार तय तारीख और समय पर उपस्थित नहीं होगा, उसे बाद में दस्तावेज सत्यापन का कोई दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 18, 2026 at 8:10 PM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में भूगोल और कॉमर्स शिक्षकों की भर्ती से जुड़ी चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है. आयोग ने जहां भूगोल शिक्षकों के 99 पदों का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है, वहीं कॉमर्स शिक्षकों के 156 पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम भी जारी कर दिया है. भूगोल भर्ती में 97 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ है, जबकि कॉमर्स भर्ती में परीक्षा पास करने वाले 359 उम्मीदवारों को अब दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है.
भूगोल शिक्षक भर्ती में 97 उम्मीदवारों का चयन
पोस्ट कोड-26027 के तहत स्कूल शिक्षा विभाग में भूगोल शिक्षकों के 99 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी. आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 332 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. इनमें से 268 उम्मीदवार कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा में शामिल हुए. कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा के आधार पर 202 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए चयनित किया गया था. इन उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच 11 और 12 अगस्त को निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई. सत्यापन पूरा होने के बाद 97 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया गया है.
दो पद अब भी खाली
आयोग के अनुसार भूगोल शिक्षकों के निर्धारित 99 पदों में से दो पद रिक्त रह गए हैं. सामान्य वर्ग के स्वतंत्रता सेनानी परिजन और अनुसूचित जाति के स्वतंत्रता सेनानी परिजन श्रेणी में पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण एक-एक पद नहीं भरा जा सका.
कॉमर्स शिक्षक भर्ती का सीबीटी रिजल्ट जारी
इसके साथ ही आयोग ने पोस्ट कोड-26020 के तहत कॉमर्स शिक्षकों के 156 पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम भी घोषित कर दिया है. इन पदों को भी फिक्स मानदेय के आधार पर भरा जाना है. परीक्षा का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है. कॉमर्स शिक्षकों के 156 पदों के लिए कुल 1734 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. इनमें से 1451 उम्मीदवार कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट में शामिल हुए. परीक्षा में सफल रहने वाले 359 उम्मीदवारों को अब दस्तावेज सत्यापन के लिए चयनित किया गया है.
7 सितंबर को होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
कॉमर्स भर्ती के लिए चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन 7 सितंबर को सुबह 10 बजे से हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के परिसर में होगा. आयोग के अनुसार उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन की सूचना उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी के माध्यम से दी जाएगी. अलग से कोई बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा. आयोग ने उम्मीदवारों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित तारीख को सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लेकर आएं. इसके अलावा आवश्यक दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और वैध पहचान पत्र भी साथ लाना होगा.
तय तारीख पर नहीं पहुंचे तो नहीं मिलेगा दूसरा मौका
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने स्पष्ट किया कि दस्तावेज सत्यापन के लिए चयनित उम्मीदवारों को 7 सितंबर को निर्धारित समय पर आयोग के परिसर में पहुंचना होगा. जो उम्मीदवार तय तारीख और समय पर उपस्थित नहीं होगा, उसे बाद में दस्तावेज सत्यापन का कोई दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा. भूगोल भर्ती में दस्तावेज सत्यापन के बाद 97 उम्मीदवारों का अंतिम चयन हो चुका है. वहीं कॉमर्स भर्ती में 359 उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन होना बाकी है. इसके बाद ही 156 पदों की आगे की चयन प्रक्रिया पूरी होगी. आयोग ने उम्मीदवारों से कहा है कि वे भर्ती से जुड़ी सभी आगामी सूचनाओं के लिए आधिकारिक वेबसाइट और अपनी पंजीकृत ईमेल नियमित रूप से चेक करते रहें.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में चिट्टे के साथ भाजपा नेता गिरफ्तार! 1.04 लाख कैश भी बरामद
ये भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा पर निकले 24 साल के श्रद्धालु की मौत, सुंदरासी पहुंचने पर तोड़ा दम

