ETV Bharat / state

हिमाचल में बनेगा 'हिम चंडीगढ़', आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा ये शहर, CM सुक्खू ने किया बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने हिमाचल में एक नए शहर 'हिम चंडीगढ़' को बसाने की घोषणा की है.

HIM CHANDIGARH
हिमाचल में बनेगा 'हिम चंडीगढ़' (CM FACEBOOK PAGE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 6, 2026 at 5:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश शहरी विकास के एक नए युग की ओर बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बद्दी औद्योगिक क्षेत्र और चंडीगढ़ सीमा से सटे इलाके में नए शहर 'हिम चंडीगढ़' को बसाने की ऐतिहासिक घोषणा की है. यह शहर आधुनिक सुविधाओं, नियोजित ढांचे और टिकाऊ विकास का मॉडल बनेगा.

'हिम चंडीगढ़' बसाने का ऐलान

शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित 'स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर' सिटीजन कनेक्ट प्रोग्राम-2 के दौरान मुख्यमंत्री ने हिम चंडीगढ़ बसाने का ऐलान किया. सीएम सुक्खू ने कहा कि यह शहर पूरी तरह योजनाबद्ध होगा और विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा. सरकार ने इसे विकसित करने का ठोस संकल्प लिया है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 3400 बीघा जमीन हाउसिंग डिपार्टमेंट के नाम की जा चुकी है, जबकि करीब 3700 बीघा जमीन पहले से सरकार के पास उपलब्ध है. लगभग 10 हजार बीघा वन क्षेत्र को जंगल के रूप में ही संरक्षित रखा जाएगा. तीन पंचायतों की जमीन लैंड पूलिंग मॉडल के तहत ली जाएगी, जिस पर पंचायतों की सहमति है. अगले दो महीनों में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है.

जल्द नियुक्त होगा कंसलटेंट

सीएम सुक्खू ने कहा कि हिम चंडीगढ़ के लिए जल्द ही कंसलटेंट नियुक्त किया जाएगा. इसके बाद मास्टर प्लान तैयार कर शहर को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा. यह शहर औद्योगिक, आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों का संतुलित केंद्र बनेगा.

हिम सेवा सुविधा का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हिम सेवा सुविधा का शुभारंभ भी किया. इसके तहत शहरी नागरिकों को क्यूआर कोड और मोबाइल के जरिए एक ही प्लेटफॉर्म पर सरकारी सेवाएं मिलेंगी. यह पहल शहरी सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.

छोटे दुकानदारों को राहत

मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी लघु दुकानदार सुख कल्याण योजना की घोषणा की. इसके तहत छोटे दुकानदारों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया जाएगा. जिन दुकानदारों का कर्ज एक लाख से बढ़कर दो लाख हो गया है, उनमें से एक लाख रुपये सरकार चुकाएगी.

शहरी विकास की अन्य योजनाएं

सीएम सुक्खू ने बताया कि शिमला सब्जी मंडी में 400 करोड़ रुपये से शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा. हमीरपुर में 150 करोड़ रुपये से शहर का सौंदर्यीकरण होगा. शहरी विकास विभाग की 707 करोड़ रुपये की योजनाएं जल्द लागू की जाएंगी.

हिम चंडीगढ़ परियोजना से हिमाचल को एक आधुनिक, नियोजित और रोजगारोन्मुख शहर मिलेगा. यह कदम प्रदेश के औद्योगिक और शहरी विकास को नई ऊंचाई देगा.

ये भी पढ़ें: पहाड़ों का 'जादुई फल', जानें क्यों सी बकथॉर्न है दुनिया का सुपरफूड?