हिमाचल में सिविल अदालतों के लिए जारी हुआ छुट्टियों का शेड्यूल, जानिए कब कहां बंद रहेंगे सिविल कोर्ट
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने प्रदेश में सिविल अदालतों के लिए वार्षिक अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 25, 2025 at 10:32 AM IST
|Updated : December 25, 2025 at 11:19 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में सिविल अदालतों के लिए छुट्टियों का शेड्यूल जारी हो गया है. हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने प्रदेश की सिविल अदालतों के लिए वार्षिक अवकाश कैलेंडर जारी किया है. हिमाचल हाईकोर्ट की ओर से साल 2026 के लिए वार्षिक अवकाश की अधिसूचना जारी कर दी गई है. हिमाचल प्रदेश की सभी सिविल अदालतों के लिए उनकी भौगोलिक स्थिति और मौसम को देखते हुए छुट्टियों के दो अलग-अलग शेड्यूल जारी किए गए हैं.
कब-कब बंद रहेंगे सिविल कोर्ट
राज्य के गर्म इलाकों में स्थित सिविल अदालतों के लिए ग्रीष्मकालीन वार्षिक अवकाश का कैलेंडर जारी किया गया है. वहीं, प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित सिविल अदालत के लिए शीतकालीन वार्षिक अवकाश की अधिसूचना जारी की गई है. राज्य की शीतकालीन क्षेत्रीय सिविल अदालतों में 19 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक वार्षिक अवकाश रहेगा. प्रदेश की ग्रीष्मकालीन क्षेत्रीय सिविल अदालतों में 29 जून 2026 से 26 जुलाई 2026 तक वार्षिक अवकाश की अधिसूचना जारी की गई है.

क्षेत्र में आने वाले इन सिविल कोर्ट में वार्षिक अवकाश
हिमाचल प्रदेश में शीतकालीन क्षेत्र के तहत आने वाली सिविल अदालतों में 19 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक वार्षिक अवकाश रहेगा. इस दौरान जिला शिमला, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, सोलन, लाहौल एवं स्पीति, किन्नौर और चंबा में सभी सिविल अदालतें बंद रहेंगी. वहीं, जिला सोलन के नालागढ़ में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश और सिविल न्यायाधीश के न्यायालयों को छोड़कर बाकी सभी सिविल कोर्ट बंद रहेंगे. इसी तरह जिला कांगड़ा में इंदौरा में सिविल न्यायाधीश के न्यायालय को छोड़कर अन्य सभी सिविल अदालतों में अवकाश रहेगा. जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश और सिविल न्यायाधीश के न्यायालयों के अलावा बाकी सभी सिविल कोर्ट बंद रहेंगे.
ग्रीष्मकालीन क्षेत्र के तहत इन सिविल अदालतों में एनुअल हॉलिडे
राज्य के ग्रीष्मकालीन क्षेत्र के तहत आने वाले सिविल कोर्ट में 29 जून 2026 से 26 जुलाई 2026 तक वार्षिक अवकाश की अधिसूचना जारी की गई है. इस दौरान हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना और हमीरपुर में सभी सिविल अदालतों में अवकाश रहेगा. वहीं, जिला कांगड़ा के इंदौरा में सिविल न्यायाधीश के न्यायालय में इसी समय वार्षिक अवकाश रहेगा. इसके अलावा जिला सोलन के नालागढ़ और जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश और सिविल न्यायाधीश के न्यायालय बंद रहेंगे.

इन न्यायिक अधिकारियों के तबादले
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने जिला और अपर जिला न्यायाधीशों के तबादले और नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी की है.
- हिमाचल उच्च न्यायालय ने जिला कांगड़ा के जिला एवं सत्र न्यायालय व फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय (POCSO) धर्मशाला के अपर न्यायाधीश नितिन मित्तल को पदोन्नति के बाद नूरपुर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-II के न्यायालय में ट्रांसफर किया है. यहां नितिन मित्तल को दो वर्ष के लिए कार्यवाहक अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में पदभार संभालेंगे.
- इसके अलावा प्रशिक्षणाधीन अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप शर्मा को जिला ऊना के अंब में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया है. संदीप शर्मा अपने प्रशिक्षण काल की अवधि पूरी करने के बाद अंब में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश का पद ग्रहण करेंगे.
- वहीं, प्रशिक्षणाधीन अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नविश भारद्वाज को बिलासपुर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया है. नविश भारद्वाज अपने प्रशिक्षण काल की अवधि पूरी करने के बाद ये पदभार ग्रहण करेंगे.

