ETV Bharat / state

प्रियंका गांधी को करना है मंडी के जिस स्कूल का उद्घाटन, उस पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई, जानिए क्या है मामला?

देउरी स्कूल तब खूब चर्चा में आया जब स्कूल का उद्घाटन करने शिक्षा मंत्री पहुंचे थे, लेकिन कार्यक्रम बीच में छोड़कर वापस लौट आए थे.

High Court on Mandi Deori School Inauguration
देउरी स्कूल उद्घाटन मामले में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 18, 2026 at 10:19 AM IST

|

Updated : August 18, 2026 at 11:14 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला में द्रंग विधानसभा के अंतर्गत आने वाला राजकीय स्कूल देउरी इन दिनों ख़ूब चर्चा में है. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को आज 18 अगस्त को इस स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम में जाना था लेकिन खराब मौसम के चलते कार्यक्रम टल गया. लेकिन, ये मामला सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है. आज इस मामले पर हिमाचल हाईकोर्ट में सुनवाई भी होनी है. स्थानीय अभिभावक की ओर से दायर जनहित याचिका पर आज मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायमूर्ति बिपिन चंद्र नेगी की डिवीजन बेंच में सुनवाई होगी.

मामले में सरकार से लेकर स्कूल प्रिंसिपल को बनाया गया है पार्टी

बीते महीने 14 जुलाई को याचिका कर्ता कुंज लाल की ओर से स्कूल के उद्घाटन में हो रही देरी को लेकर जनहित याचिका दायर की गई थी. मामले में सेक्रेट्री एजुकेशन, डायरेक्टर हायर एजुकेशन, डीसी मंडी, डिप्टी डायरेक्टर हायर एजुकेशन मंडी और प्रिंसिपल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देउरी को पार्टी बनाया गया. अदालत ने 15 जुलाई को सुनवाई के दौरान सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी किए थे. मामले पर पिछली सुनवाई 22 जुलाई को हुई जिसमें राज्य सरकार की ओर से जवाब फाइल करने के लिए समय मांगा गया था. अब इस मामले पर आज फिर सुनवाई होगी.

बिना उद्घाटन किए लौट आए थे शिक्षा मंत्री

राजकीय देउरी स्कूल तब खूब चर्चा में आया जब स्कूल का उद्घाटन करने के लिए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पहुंचे थे, लेकिन वे उद्घाटन कार्यक्रम बीच में छोड़कर ही वापस लौट आए. याचिकाकर्ता की ओर से अदालत में बताया गया था कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर नए भवन के उद्घाटन के लिए देउरी पहुंचे थे. उनके दौरे के कार्यक्रम में उद्घाटन का उल्लेख था और स्कूल प्रबंधन की ओर से पोस्टर व निमंत्रण कार्ड भी तैयार किए गए थे. हालांकि बाद में उद्घाटन नहीं हुआ और उद्घाटन पट्टिका भी हटा दी गई, जिसके बाद से देउरी स्कूल का नवनिर्मित भवन उद्घाटन का इंतजार कर रहा है.

चर्चा में क्यों है देउरी स्कूल?

देउरी स्कूल का भवन वर्ष 2023 की प्राकृतिक आपदा में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था. इसके बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने क्षेत्र का दौरा किया था तो उन्होंने यहां के लोगों से स्कूल भवन को जल्द से जल्द बनाने का वादा किया था. जुलाई महीने में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर क्षेत्र के दौरे पर थे और उन्हें 4 करोड़ 69 लाख की लागत से देउरी स्कूल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करना था. बाकायदा शिलान्यास पट्टिका भी बन गई थी, लेकिन शिक्षा मंत्री के देउरी पहुंचने से पहले ही स्कूल का उद्घाटन न करने का फरमान जारी हो गया. आनन-फानन में उद्घाटन पट्टिका को हटा दिया गया. इसके बाद राजनीति तेज हो गई है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मामला मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल देउरी का है. वर्ष 2023 की प्राकृतिक आपदा में स्कूल का पुराना भवन क्षतिग्रस्त हो गया था. इसके बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई. इसी बीच स्कूल के लिए नया भवन तैयार किया गया, लेकिन भवन तैयार होने के बावजूद विद्यार्थियों को उसमें शिफ्ट नहीं किया गया.

ऐसे में स्थानीय निवासी कुंज लाल की ओर से हिमाचल हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी. याचिका में कहा गया है कि साल 2023 की आपदा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देउरी का भवन क्षतिग्रस्त हो गया था. इसके बाद स्कूल के छात्र एक किराए के भवन में रह रहे हैं. भवन पुराना है और बरसात के दिनों में सुरक्षित भी नहीं है. ऐसे में लंबे समय से क्षेत्र के अभिभावक राज्य में बरसात का मौसम पुनः शुरू होने के कारण चिंतित हैं. याचिका में आरोप लगाया गया है कि भवन तैयार होने के बाद भी बच्चों को नवनिर्मित भवन में शिफ्ट करने में देरी कर रही है.

ये भी पढ़ें: पुलिस की प्राइवेसी से ऊपर है निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार, NDPS एक्ट केस में हाईकोर्ट ने मांगी पुलिस कर्मियों की टावर लोकेशन

ये भी पढ़ें: 'शादी से इनकार आत्महत्या के लिए उकसाने के अपराध में पर्याप्त नहीं', युवती की खुदकुशी केस में HC ने रद्द की FIR

Last Updated : August 18, 2026 at 11:14 AM IST