ETV Bharat / state

हिमाचल में छात्र-शिक्षक अनुपात देश में सबसे अच्छा, फिर भी केवल एक टीचर के सहारे 3214 प्राइमरी व 101 मिडल स्कूल

हिमाचल विधानसभा के चल रहे मानसून सत्र के दौरान भाजपा विधायकों ने इस संबंध में सरकार से सवाल पूछा था.

student teacher ratio
हिमाचल में छात्र-शिक्षक अनुपात देश में सबसे अच्छा (FILE@ETVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 31, 2026 at 5:57 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में 3214 राजकीय प्राइमरी स्कूल व 101 राजकीय मिडल स्कूल एक ही शिक्षक के आसरे हैं. इसके अलावा 393 प्राइमरी स्कूल व तीन मिडल स्कूल डेप्यूटेशन पर आए टीचर्स के हवाले हैं. देश के कई राज्यों में छात्र-शिक्षक अनुपात की स्थिति बेहतर नहीं है, लेकिन हिमाचल इस मामले में अपवाद है और यहां पीटीआर यानी प्यूपिल टीचर रेशियो देश में सबसे शानदार है. हिमाचल में दरअसल एक अन्य तरह की समस्या है. यहां अनेक स्कूल ऐसे हैं, जहां बच्चों की संख्या बहुत कम है. ये तथ्य हिमाचल विधानसभा के मानसून सेशन में सोमवार को पूछे गए एक सवाल के जवाब में सामने आए हैं.

दरअसल, विधानसभा में भाजपा के चार सदस्यों ने शिक्षा विभाग से जुड़ा एक संयुक्त सवाल किया था. उस सवाल के एक हिस्से में पवन काजल, डॉ. हंसराज, जेआर कटवाल व दलीप ठाकुर प्राइमरी स्कूलों के बारे में कुछ जानकारी चाहते थे. ये जानकारी स्कूलों के संचालन में शिक्षकों की संख्या से जुड़ी थी. राज्य सरकार की तरफ से दिए गए जवाब में बताया गया कि राज्य में पीटीआर देश में सबसे बेहतर है. प्राइमरी स्तर पर देखें तो हर 12 बच्चों पर एक शिक्षक है। इसी प्रकार मिडल स्कूल के स्तर पर 11 बच्चों पर एक टीचर है. हाई स्कूल व सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लेवल पर हर 10 बच्चों पर एक शिक्षक है.

'शिक्षकों की कमी की समस्या नहीं'

राज्य सरकार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में शिक्षकों की कमी की समस्या नहीं है. यहां अनेक ऐसे स्कूल हैं, जहां छात्रों की संख्या बहुत कम है. ऐसे में उपलब्ध शिक्षकों व संसाधनों का सही इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है. इस समस्या से निपटने के लिए स्कूलों का युक्तिकरण किया जा रहा है. सरकारी स्कूलों में एनटीटी प्री-प्राइमरी टीचर्स की भर्ती के लिए प्रयास किया जा रहा है. प्रदेश के 6297 प्राइमरी स्कूलों में ईसीसीई ट्यूटर्स तैनात करने का फैसला लिया गया है. वहीं, राज्य के स्कूलों में आया के 6297 पदों में से 518 पदों पर भर्ती की जा चुकी है. आया की भर्ती के लिए महिला उम्मीदवार कम से कम दसवीं पास होनी चाहिए.

हिमाचल में 65254 बीएड पास युवा बेरोजगार

हिमाचल प्रदेश में बीएड पास करने वाले बेरोजगार युवाओं की संख्या 65254 है। इसके अलावा जेबीटी पास बेरोजगार युवाओं की संख्या 16028 है। ये सभी युवा रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत हैं। कांगड़ा में सबसे अधिक 16076 बीएड पास युवा बेरोजगार हैं। मंडी में ये संख्या 13682 है। इसके अलावा मंडी में ही जेबीटी पास बेरोजगार युवाओं की संख्या 2798 है। कांगड़ा जिला में जेबीटी पास बेरोजगार युवाओं की संख्या 2598 है.

ये भी पढ़ें: 'पता होता मुख्यमंत्री के नाम है जमीन तो नहीं लेता', जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए सदन में क्यों कही ये बात?

ये भी पढ़ें: 40 साल पुरानी सड़क पर व्यक्ति ने किया दावा, रोड बंद होने पर पुलिस के पास पहुंचा मामला