हिमाचल के सरकारी स्कूलों में बड़ा फेरबदल, 94 प्रधानाचार्यों के तबादले, जानें किसे कहां मिली नई जिम्मेदारी?
तबादला आदेशों से ऐसे कई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में प्रधानाचार्यों की तैनाती का रास्ता साफ हुआ है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 8:23 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ अब प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है. शिक्षा विभाग ने स्कूल कैडर के 94 प्रधानाचार्यों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं. राज्यपाल की ओर से जारी अधिसूचना के तहत इन प्रधानाचार्यों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में रिक्त पदों के विरुद्ध तैनाती दी गई है. लंबे समय से प्रधानाचार्यों के पद खाली होने के कारण प्रभावित हो रहे स्कूलों को इन तबादलों के बाद राहत मिलने की उम्मीद है.

खास बात यह है कि सूची में सामान्य स्थानांतरण के साथ आपसी अदला-बदली, रिक्त होने वाले पदों को ध्यान में रखकर तैनाती और जिला उपनिदेशक कार्यालयों से जुड़ी जिम्मेदारियां भी शामिल हैं. कांगड़ा, सोलन, चंबा, मंडी, शिमला, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में प्रधानाचार्यों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. अधिकांश अधिकारियों की तैनाती रिक्त पदों के विरुद्ध की गई है, जबकि कुछ मामलों में वर्तमान अधिकारी के स्थानांतरण के बाद खाली होने वाले पद को ध्यान में रखते हुए नई पोस्टिंग की गई है.





कई स्कूलों को मिलेगा स्थायी प्रशासनिक नेतृत्व
तबादला आदेशों से ऐसे कई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में प्रधानाचार्यों की तैनाती का रास्ता साफ हुआ है, जहां लंबे समय से पद रिक्त चल रहे थे. वहीं, कुछ प्रधानाचार्यों को जिला उपनिदेशक कार्यालयों और अन्य प्रशासनिक दायित्व भी सौंपे गए हैं. शिक्षा विभाग ने सभी स्थानांतरित प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे नए कार्यस्थल पर कार्यभार संभालने के बाद अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट उचित माध्यम से विभाग को भेजना सुनिश्चित करें. ये आदेश शिक्षा सचिव राकेश कंवर की ओर से जारी किए गए हैं.
कुछ तबादले 1 अक्तूबर से होंगे प्रभावी
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कुछ प्रधानाचार्यों की नई तैनाती ऐसे पदों पर की गई है, जो 30 सितंबर को रिक्त होंगे. ऐसे मामलों में संबंधित प्रधानाचार्य 1 अक्तूबर या उसके बाद नए कार्यस्थल पर कार्यभार संभालेंगे. वहीं, बाकी स्थानांतरण आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे.
ये भी पढ़ें: विधायक पत्नी ने मुस्कुरा कर भेंट किए फूल, CM सुक्खू ने भर दी देहरा की झोली, राज्य की पहली ओजोन पेयजल योजना की सौगात
ये भी पढ़ें: कर्ज की दर्द कथा: सुक्खू सरकार फिर लेगी 700 करोड़ का कर्ज, 7.56 फीसदी ब्याज दर पर 13 साल के लिए लिया जाएगा लोन

