अब खराब राशन की शिकायत होगी ऑनलाइन दर्ज, जल्द जारी होगा हेल्पलाइन नंबर
हिमाचल में राज्य खाद्य आयोग जल्द ही हेल्पलाइन नंबर जारी करेगा. ताकि उपभोक्ता खराब राशन मिलने की शिकायत कर सकें.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 4:23 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में आए दिन कई इलाकों से सरकारी राशन के डिपो में खराब राशन की शिकायत के मामले सामने आते हैं. तो वहीं कई बार डिपो में राशन भी देरी से पहुंचता है. इन सभी शिकायतों का निपटारा अब राज्य खाद्य आपूर्ति विभाग के द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा. वही, किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए अब जल्द ही इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा. ताकि खराब राशन या फिर राशन देरी से पहुंचने की शिकायत तुरंत की जा सके.
अब राज्य खाद्य आयोग जल्द ही हेल्पलाइन नंबर जारी करेगा. इसके माध्यम से उपभोक्ता फोन और व्हाट्सएप पर सीधे शिकायत दर्ज करवा सकेंगे. कुल्लू दौरे पर पहुंचे राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एसपी कत्याल ने बताया, 'उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा. इसके जरिए राशन की समय पर आपूर्ति न होने या गुणवत्ता में कमी की शिकायत सीधे आयोग तक पहुंचेगी'.
उन्होंने बताया कि आपदा प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों को बरसात से पहले तीन माह का राशन कोटा एकमुश्त उपलब्ध करवाया जाएगा. इसमें आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलने वाला राशन भी शामिल रहेगा. खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अब मोबाइल टेस्टिंग मशीन से मौके पर ही सैंपल भरे जाएंगे.
भारतीय खाद्य निगम, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग आपसी तालमेल से इस व्यवस्था को लागू करेंगे. उन्होंने कहा कि आटे की गुणवत्ता की जांच राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत की जाएगी और मिलों में आटे की प्रोसेसिंग संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में होगी.
डॉ. कत्याल ने कहा कि लोगों की सेहत से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. राशन के भंडारण और वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: 20 लाख तक के बिलों पर सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला, खुलने वाली है ठेकेदारों की किस्मत?

