ETV Bharat / state

हिमाचल में इतने हजार किसानों को मिलेगी सिंचाई सुविधा, इन योजनाओं को लेकर ये है बड़ी अपडेट

सुखाहार मध्यम सिंचाई योजना और फिन्ना सिंह सिंचाई योजना को लेकर सामान्य विकास समिति के उप मुख्य सचेतक एवं अध्यक्ष ने ली बैठक.

सिंचाई योजनाओं को लेकर बैठक
सिंचाई योजनाओं को लेकर बैठक (Himachal Assembly Secretariat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 27, 2025 at 8:49 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल में कई हजार हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने को सुखाहार मध्यम सिंचाई योजना और फिन्ना सिंह सिंचाई योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. सामान्य विकास समिति के उप मुख्य सचेतक एवं अध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सामान्य विकास समिति की बैठक की. जिसमें उन्होंने सुखाहार मध्यम सिंचाई योजना और फिन्ना सिंह सिंचाई योजना के बारे में अधिकारियों से फीडबैक लिया है.

इस दौरान केवल सिंह पठानिया ने कहा, '219 करोड़ रुपये की सुखाहार मध्यम सिंचाई योजना से ज्वाली, शाहपुर और देहरा विधानसभा क्षेत्रों के करीब 45 गांव के 24 हजार किसानों की 2,186 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. इस योजना का शाहपुर के चंगर क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा'.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी योजनाओं का डाटा तैयार कर शीघ्र पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर इस योजना को तय समय पर शुरू किया जाएगा. उप मुख्य सचेतक एवं अध्यक्ष सामान्य विकास समिति केवल सिंह पठानिया ने कांगड़ा के नूरपुर स्थित फिन्ना सिंह सिंचाई योजना पर भी शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.

मार्च 2026 में पूरी होगी ये परियोजना

केवल सिंह पठानिया ने कहा, 'वर्ष 2011 में 204 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राशि से शुरू की गई इस योजना की अनुमानित लागत अब बढ़कर 646 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है. सरकार ने इस परियोजना को मार्च, 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है. इस परियोजना से 60 गांव के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी'.

उन्होंने कहा कि योजना का करीब 52 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है. अब बांध के निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर कार्य करना सुनिश्चित किया जाए. इस परियोजना से नूरपुर और आसपास के 60 गांव लाभान्वित होंगे और 4025 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में भांग की खेती से किसान होंगे मालामाल, सीएम सुक्खू ने की ‘ग्रीन टू गोल्ड’ पहल की शुरुआत