ETV Bharat / state

हिमाचल में जेबीटी के 4019 पद खाली, टीजीटी को भी नौकरी का इंतजार, भरे जाएंगे 764 पद, यहां जानिए पूरी डिटेल

हिमाचल के सरकारी स्कूलों में जेबीटी के कई पद खाली पड़े हैं. विधानसभा में शिक्षा-मंत्री ने खाली पदों और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी साझा की.

हिमाचल में जेबीटी-टीजीटी के पद खाली
हिमाचल में जेबीटी-टीजीटी के पद खाली (FILE PHOTO)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 31, 2026 at 9:23 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: शिमला। हिमाचल प्रदेश में शिक्षा विभाग में जेबीटी के चार हजार से अधिक पद खाली हैं. इसी प्रकार टीजीटी मेडिकल, नॉन मेडिकल, आट्र्स के 1190 पद रिक्त चल रहे हैं. राज्य सरकार टीजीटी की 764 पोस्टों को भरने जा रही हैं. उनमें से 13 पद बैचवाइज भरे जाएंगे. हिमाचल प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों में जेबीटी 20116 पद स्वीकृत हैं. उनमें से 4019 खाली हैं.

ये जानकारी हिमाचल विधानसभा के मानसून सेशन में सामने आई है. भाजपा के चार सदस्यों ने शिक्षा विभाग से जुड़ा संयुक्त सवाल किया था. कांगड़ा के विधायक पवन काजल, चुराह के विधायक डॉ. हंसराज, झंडूता के विधायक जेआर कटवाल व सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर ने जानना चाहा था कि राज्य में जेबीटी, टीजीटी आदि के कितने पद मंजूर हैं, कितने भरे गए हैं और कितने खाली हैं. कुल छह हिस्सों में बंटे सवाल में चारों सदस्यों ने इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मांगी थी. शिक्षा मंत्री की तरफ से दिए गए जवाब के अनुसार राज्य में सरकारी स्कूलों में जेबीटी के कुल 20,116 पद मंजूर हैं। उनमें से 14132 भरे हुए हैं और बाकी 4019 खाली चल रहे हैं. इसी प्रकार टीजीटी आर्ट्स के कुल मंजूर 8486 पदों में से 7582 पद भरे हुए हैं और 646 पोस्टें रिक्त हैं. टीजीटी नॉन मेडिकल के कुल स्वीकृत 5165 पोस्टों में से 7582 भरी हुई हैं और 318 खाली हैं. टीजीटी मेडिकल के कुल मंजूर 3068 पदों में से 2828 भरे हुए हैं. कुल 226 पद खाली हैं. सभी श्रेणियों के कुल 5209 पद खाली चल रहे हैं.

बैचवाइज भर्ती केवल 13 पदों की

राज्य सरकार की तरफ से दिए गए जवाब के अनुसार टीजीटी के 1190 खाली पदों में से 764 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है. उनमें से केवल 13 पद बैचवाइज भरे जाएंगे. सरकार ने बताया कि वर्तमान में इन 13 पदों के अलावा अन्य कोई नई बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया चालू नहीं है. साथ ही बताया गया कि बैचवाइज भर्ती के लिए अलग से कोई नया सालाना या समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करने का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. राज्य में 19 सितंबर 2023 को मंजूर किए गए पदों में से बैचवाइज कोटे के तहत साल 2024 के खाली पद भरे जा चुके हैं. सरकार ने जेबीटी कैडर के 1161 पद व टीजीटी कैडर के 1042 पद भरे हैं.

ये भी पढ़ें: किसान परिवार के भाई-बहन ने रचा इतिहास, जगदीश-सपना ने एक साथ UGC-NET किया क्वालिफाई