शिमला में "नकली बर्फ" के साथ फोटो खींचा कर संतोष कर रहे सैलानी, ड्राई स्पेल से कार्निवल का रंग पड़ा फीका
हिमाचल में लंबे समय से चल रहे ड्राई स्पेल का असर अब पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 22, 2025 at 9:53 AM IST
|Updated : December 22, 2025 at 12:29 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में ड्राई स्पेल का असर सीधा-सीधा यहां के पर्यटन कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है. आलम यह है कि आधे से ज्यादा दिसंबर गुजर चुका है और अब तक प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में ही हल्की बर्फबारी रिपोर्ट की गई है. ऐसे में बर्फबारी की आस लिए शिमला पहुंच रहे पर्यटकों को 'नकली बर्फ' के साथ फोटो खींचाकर संतोष करना पड़ रहा है. शिमला में इन दिनों विंटर कार्निवाल की शुरुआत हो गई है. शहर के प्रमुख हिस्सों को सजाया गया है. वहीं, नगर निगम द्वारा शिमला के स्कैंडल पॉइंट पर रुई बिछाकर बर्फ का दृश्य बनाने की कोशिश की गई है. जो बाहर से आने वाले सैलानियों के लिए अब सेल्फी प्वाइंट बन गया है.
शिमला मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा, 'विंटर कार्निवल को देखते हुए रिज और माल रोड को सजाया गया है. रिज और माल रोड सहित 4 से 5 जगहों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं. शिमला बर्फबारी के लिए भी जाना जाता है इसी को देखते हुए स्कैंडल पॉइंट के पास स्नो सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है. केवल पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनाने के उद्देश्य से बर्फ का दृश्य बनाया गया है. साफ मौसम के चलते बर्फ की कमी भी शिमला को खल रही है. भगवान से प्रार्थना हैं कि शिमला में जल्द बर्फ गिरे'.
बर्फबारी के लिए मशहूर हिल स्टेशन पर ड्राई स्पेल की मार
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मनाली और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थल बर्फबारी के लिए मशहूर है. दिसंबर आते ही पर्यटक बर्फबारी की आस से पहाड़ों की ओर देखते हैं, लेकिन अब सूखे का असर यहां के पर्यटन कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है. बरसात के मौसम में पर्यटन कारोबार पहले ही बड़ा नुकसान झेल चुका है. ऐसे में पर्यटन कारोबारी अब सर्दियों के मौसम में कारोबार को गति मिलने की उम्मीद में हैं.
वीकेंड पर होटल ऑक्यूपेंसी 50 से 60 फीसदी
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दिसंबर का आखिरी हफ्ता पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. क्रिसमस और नए साल के आगाज पर शहर में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद रहती है. मगर बीते सालों के मुकाबले शिमला शहर में होटल ऑक्यूपेंसी कम देखी जा रही है. शहर के भीतर वीकेंड पर ऑक्यूपेंसी 50 से 60 फीसदी ही दर्ज की जा रही है.

"शिमला में वीकेंड पर फिलहाल 50 से 60 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है. हफ्ते के बाकी दिनों में ऑक्यूपेंसी इससे नीचे देखने को मिल रही है. बीते सालों के मुकाबले दिसंबर में अब तक ऑक्यूपेंसी बेहद कम देखी जा रही है. पहले के मुकाबले अब कम पर्यटक शिमला का रुख कर रहे हैं. बर्फबारी का न होना पर्यटकों की कम आमद की वजह है." - प्रिंस कुकरेजा, अध्यक्ष, शिमला होटल एसोसिएशन
कब होगी बारिश-बर्फबारी ?
आगामी दिनों में भी प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की फिलहाल कोई संभाल नहीं है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने नए साल तक मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है. ऐसे में पर्यटकों की व्हाइट क्रिसमस और बर्फबारी के साथ नए साल के जश्न की आस को भी झटका लगा है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि आने वाले हफ्ते प्रदेश में मौसम साफ बने रहने का अनुमान है. नवंबर महीने में राज्य भर में सामान्य से 90 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई. वहीं, दिसंबर महीने में अब तक सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश-बर्फबारी रिपोर्ट की गई है. इसके अलावा साफ मौसम के चलते दिन के तापमान में भी उछाल देखने को मिल रहा है. प्रदेश में शिमला, मनाली जैसे पर्यटन क्षेत्र में भी दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री ऊपर तक रिपोर्ट किया जा रहा है.

