ETV Bharat / state

हिमाचल में हत्या से चार गुना ज्यादा रेप के मामले, महिलाओं के खिलाफ अपराध के रोज 4 केस, सरकार ने बताए आंकड़े

आंकड़े बताते हैं कि सबसे ज्यादा हत्या शिमला जिले में हुई हैं, जबकि रेप के मामलों में भी शिमला दूसरे नंबर पर है.

Himachal Crime Data
हिमाचल में बढ़ा क्राइम का ग्राफ! (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : September 1, 2026 at 6:43 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में तीन साल की अवधि में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4379 मामले सामने आए हैं. इनमें से 1287 केस रेप के हैं. यानी साल भर में औसतन 429 केस रेप के हैं. इस तरह से महिलाओं के खिलाफ अपराध में बलात्कार के रोज एक से अधिक मामले सामने आ रहे हैं. हर साल हत्या के मामलों की औसत भी सौ से अधिक है. ये आंकड़े राज्य सरकार की तरफ से विधानसभा के मानसून सेशन में अपराध विषय से जुड़े सवाल के जवाब में दिए गए. दरअसल, करसोग से भाजपा सदस्य दीपराज जानना चाहते थे कि हिमाचल प्रदेश में विगत तीन साल की अवधि में अपराध के मामलों की संख्या कितनी रही है. वे हत्या, चोरी-डकैती, अपहरण, बलात्कार, छेड़खानी व अन्य अपराधों को लेकर विस्तार से जानकारी चाहते थे. साथ ही उन्होंने लंबित मामलों की जानकारी भी चाही थी. चूंकि सवाल गृह विभाग से जुड़ा हुआ था, लिहाजा सीएम की तरफ से इसका जवाब दिया गया.

तीन साल में 309 मर्डर

सरकार की तरफ से दिए गए जवाब के अनुसार राज्य में तीन साल की अवधि में पहली अगस्त 2026 तक मर्डर के कुल 309 मामले सामने आए. बड़ी बात ये रही कि लाहौल-स्पीति जिला में हत्या का एक भी मामला सामने नहीं आया है. वहीं, हत्या के मामलों में शिमला जिला सबसे ऊपर है. यहां मर्डर के पचास मामले आए. प्रदेश भर में चोरी के मामलों की संख्या 3481 रही. इसी प्रकार अपहरण के 1970 केस दर्ज हुए. डकैती के भी 13 मामले सामने आए. कुल अपराध के मामलों की संख्या 5773 रही है. वहीं, महिलाओं के प्रति अपराध के आंकड़ों को देखें तो बलात्कार के 1287 मामले दर्ज हुए. महिलाओं के शोषण के 1915 केस दर्ज किए गए. महिला उत्पीड़न के 646 व छेड़थानी के 435 मामले सामने आए. वहीं, राज्य में कुल 309 मर्डर केसिज में 96 मर्डर महिलाओं के हुए हैं. इस तरह सभी अपराधों के मामलों की संख्या 10056 रही है. उनमें से 9030 मामलों का समाधान कर दिया गया है. मौजूदा समय में केवल 1026 मामलों में जांच जारी है.

शिमला जिला में सबसे अधिक 50 मर्डर

यदि जिलावार मर्डर के मामलों की संख्या देखें तो शिमला जिला सबसे ऊपर है. यहां मर्डर के पचास केस दर्ज हुए. इसी प्रकार सबसे बड़े जिला कांगड़ा में मर्डर मामलों की संख्या 35 दर्ज की गई. जिला मंडी में 30 मर्डर केस, पुलिस जिला बद्दी में 27, कुल्लू में 23, जिला चंबा में 22, जिला सिरमौर में 20, बिलासपुर में 18 व जिला हमीरपुर में 12 मर्डर केस दर्ज हुए. पुलिस जिला नूरपुर में ये संख्या 11 रही व पुलिस जिला देहरा में 8 मर्डर के केस दर्ज किए गए. जिला किन्नौर में मर्डर के आठ केस सामने आए.

मंडी, शिमला व सिरमौर में सबसे अधिक रेप केस

बलात्कार के सबसे अधिक केस मंडी, शिमला व सिरमौर में दर्ज हुए. मंडी में 187 रेप के केस दर्ज किए गए. वहीं, शिमला व सिरमौर में बलात्कार के 168-168 केस सामने आए. प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में रेप के 130 मामले दर्ज किए गए. जिला चंबा में ये संख्या 114, पुलिस जिला बद्दी में 99, कुल्लू जिला में 90, सोलन में 88, ऊना में 68, बिलासपुर में 65, हमीरपुर में 34, पुलिस जिला नूरपुर में भी 34, किन्नौर में 29, पुलिस जिला देहरा में 10 मामले रेप के सामने आए. सबसे कम मामले लाहौल-स्पीति में केवल 3 दर्ज किए गए.

ये भी पढे़ं: 'भांग उगाओ, लॉटरी खेलो और पैसे कमाओ लेकिन सरकार से नौकरी मत मांगो', सदन में विपक्ष ने सुक्खू सरकार को घेरा

ये भी पढे़ं: 'दुबई चले जाते हैं, लेकिन हमीरपुर जाने को तैयार नहीं डॉक्टर', मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की कमी पर CM सुक्खू का जवाब