'दिन में सरकार बनाने के सपने देख रहे जयराम', नेता प्रतिपक्ष के सत्ता वापसी के दावे पर CM सुक्खू का पलटवार
मुख्यमंत्री ने कहा भाजपा कई गुटों में बंट चुकी है. इतना ही नहीं जयराम ठाकुर को अपने ही गुटों से लड़ना पड़ रहा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 5:50 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजनीति में विधानसभा मानसून सत्र के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. जयराम ठाकुर के सत्ता में वापसी के दावे पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर दिन में ही सरकार बनाने के सपने देख रहे हैं, लेकिन उन्हें यह मानकर नहीं चलना चाहिए कि अगली बार भाजपा की सरकार बनेगी. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा को मौजूदा संख्या से भी कम सीटें मिलेंगी.
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि प्रदेश की जनता भाजपा को वोट क्यों देगी. उन्होंने आपदा राहत, कर्मचारियों के एरियर, ओपीएस, शिक्षा की गुणवत्ता और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर पूर्व भाजपा सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान कांग्रेस सरकार ने प्रभावित परिवारों को सात लाख रुपये तक की सहायता दी, जबकि भाजपा उस समय लोगों के साथ खड़ी नहीं हुई. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों के हित में लगातार फैसले ले रही है.
कर्मचारियों के एरियर पर क्या बोले CM?
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित एरियर का भुगतान कर रही है. उन्होंने कहा कि क्लास-4 कर्मचारियों का एरियर चुकाया जा चुका है और जल्द ही क्लास-1 और क्लास-2 कर्मचारियों की देनदारियां भी चुकाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. उन्होंने भाजपा पर कर्मचारियों की ओपीएस बंद करने की तैयारी का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है।
'भाजपा में कई गुट, अपने ही लोगों से लड़ रहे जयराम'
मुख्यमंत्री ने भाजपा में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर कई गुट बन चुके हैं और जयराम ठाकुर को अपने ही गुटों से लड़ना पड़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कुछ लोग उनके संपर्क में भी हैं. उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाकर डांटता है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा के कई मुद्दे अब जनता के बीच प्रभावी नहीं रह गए हैं.
जयराम ने CM सुक्खू को दी ये नसीहत
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर पलटवार करते हुए उन्हें संवैधानिक पद की गरिमा का ध्यान रखने की नसीहत दी. उन्होंने मुख्यमंत्री और कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ किए गए प्रदर्शन को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री को इस तरह के धरना-प्रदर्शनों से दूरी बनानी चाहिए. उन्होंने कहा कि वह भी मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी इस तरह के धरना-प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं लिया. राजनीतिक गतिविधियों के लिए पार्टी स्तर पर प्रदर्शन किए जा सकते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों और पद की गरिमा को ध्यान में रखना चाहिए.
जयराम ने कांग्रेस सरकार पर सदन के अंदर और बाहर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करने का आरोप लगायाय उन्होंने कहा कि विधानसभा का मंच प्रदेश की जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा और उनके समाधान के लिए है, लेकिन सरकार का ध्यान राजनीतिक बयानबाजी पर अधिक दिखाई दे रहा है. उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की राजनीति विकास और जनहित के मुद्दों पर होनी चाहिए. समाज को जाति और वोट बैंक के आधार पर बांटने के बजाय सरकार को रोजगार, विकास और जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए.
ये भी पढ़ें: 'दुबई चले जाते हैं, लेकिन हमीरपुर जाने को तैयार नहीं डॉक्टर', मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की कमी पर CM सुक्खू का जवाब
ये भी पढ़ें: 'भांग उगाओ, लॉटरी खेलो और पैसे कमाओ लेकिन सरकार से नौकरी मत मांगो', सदन में विपक्ष ने सुक्खू सरकार को घेरा

