हिमाचल नंबर की कार और पंजाब रोडवेज में हुई जोरदार भिड़ंत, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, घायल युवक ने बताई पूरी कहानी
पंजाब के होशियारपुर में कार और रोडवेज बस में हुई टक्कर, कार सवार 4 लोगों की हुई मौत.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 4:15 PM IST
होशियारपुर/ऊना: पंजाब के होशियारपुर में हुए कार एक्सीडेंट में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. ये सभी लोग हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के रहने वाले थे. वहीं, इस दुर्घटना में एक युवक घायल हो गया. बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के 5 युवक ऊना से कार सवार होकर अमृतसर एयरपोर्ट के लिए जा रहे थे. इस दौरान होशियारपुर में घने कोहरे की वजह से कार पंजाब रोडवेज से टकरा गई.
एक्सीडेंट में घायल अमित कुमार ने बताया, हम सब एक ही परिवार के चाचा-चाची के बेटे हैं. एक्सीडेंट में मरने वाले भाई मुझे अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने आए थे. हम सुबह करीब 4:30 बजे उठे और गांव से निकल गए. रास्ते में कोहरा बहुत घना था और इसी दौरान अचानक हमारी कार पंजाब रोडवेज की बस से टकरा गई.
अमित ने बताया, 'मैं कार में ड्राइवर के बगल वाली अगली सीट पर बैठा था और इसी दौरान मुझे कार में नींद भी आ गई. एक्सीडेंट में मरने वाले तीनों युवक गाड़ी की पिछली सीट पर सवार थे और चौथा कार चला रहा था. इस दौरान अचानक एक एक्सीडेंट हो गया, जिसके बारे में मुझे कुछ याद नहीं है, लेकिन इस एक्सीडेंट में मेरे भाइयों के साथ मेरे जीजा की भी मौत हो गई'.
हादसे में मृतकों की पहचान
- सुखविंदर सिंह (45) पुत्र हरनाम सिंह
- सुशील कुमार (46) पुत्र देसराज
- बृज कुमार (38) पुत्र महेंद्र कुमार
- अरुण कुमार (45) पुत्र गुरपाल सिंह झाले
पुलिस ऑफिसर बरिंदर कुमार ने बताया, 'गाड़ी में कुल पांच युवक सवार थे. ये युवक अपने परिवार के सदस्य के लिए प्लेन पकड़ने अमृतसर एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी घने कोहरे की वजह से गाड़ी पंजाब रोडवेज से टकरा गई. एक्सीडेंट में विदेश जाने वाले युवक को छोड़कर बाकी चारों की मौत हो गई. पांचों युवक हिमाचल प्रदेश के ऊना के रहने वाले हैं. अभी यह साफ नहीं है कि एक्सीडेंट किसकी गलती से हुआ? जांच के बाद सही कार्रवाई की जाएगी'.
वहीं, ऊना जिले के चलेठी गांव में चार चचेरे भाइयों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. जैसे ही हादसे की सूचना गांव पहुंची, पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई. परिवार का भरण-पोषण करने वाले इन चारों युवकों के असमय निधन से न केवल उनके परिजन, बल्कि पूरा गांव गहरे शोक में डूबा है.
ये भी पढ़ें: 39 सीटर निजी बस में 75 लोग थे सवार, प्रशासन ने जारी की मृतकों और घायलों की सूची

