हिमाचल कैबिनेट में होगा फेरबदल! कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के बयान से बढ़ी हलचल
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि धर्मशाला में होने वाली पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में इस पर चर्चा की जाएगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 2:40 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में संगठन और सरकार दोनों स्तर पर हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने शनिवार को शिमला में आयोजित जनरल हाउस बैठक से पहले संकेत दिए कि प्रदेश मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा कि इसी विषय पर कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी जल्द हिमाचल आएंगे. ऐसे में प्रदेश की राजनीति में संभावित कैबिनेट फेरबदल को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं.
'संगठन को मजबूत करने पर फोकस'
रजनी पाटिल ने कहा कि जनरल हाउस की बैठक में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, जिला कांग्रेस अध्यक्ष और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और जमीनी स्तर पर पार्टी को और सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा करना है. उन्होंने कहा कि सभी नेताओं और पदाधिकारियों के सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी.
कैबिनेट बदलाव पर होगी अहम चर्चा
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि प्रदेश मंत्रिमंडल में "थोड़ा बदलाव" करने को लेकर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा सरकार और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श होगा.
सरकार और संगठन में बेहतर समन्वय पर जोर
रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल संगठन को मजबूत करना ही नहीं, बल्कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाना भी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी को और प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा. नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले सुझावों को भी प्राथमिकता दी जाएगी.
जगत नेगी-निगम भंडारी विवाद पर क्या बोलीं रजनी पाटिल?
मंत्री जगत सिंह नेगी और किन्नौर कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी के बीच सामने आए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि वह स्वयं इस मामले में जगत सिंह नेगी से बात करेंगी. उनके अनुसार यह मामला किसी गलतफहमी का परिणाम हो सकता है. कांग्रेस संवाद के माध्यम से हर विवाद का समाधान निकालने में विश्वास रखती है और बातचीत के बाद यदि कोई गलतफहमी होगी तो उसे दूर कर लिया जाएगा.
अहम मानी जा रही है यह बैठक
राजनीतिक जानकारों की नजर अब धर्मशाला में होने वाली पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक पर टिकी है. माना जा रहा है कि इसी बैठक में संगठनात्मक बदलाव, सरकार के कामकाज और संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल जैसे मुद्दों पर अंतिम रूप से मंथन हो सकता है. ऐसे में कांग्रेस की आगामी रणनीति और सरकार में संभावित बदलाव को लेकर यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में हिमाचल की संसदीय पहचान का दम, विधानसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय मंच पर साझा किए ई-विधान के अनुभव
ये भी पढ़ें: 'राम भक्त ही बन गए लुटेरे, SC के जज से हो मामले की जांच', राम मंदिर चंदा घोटाले पर विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा को घेरा

