हिमाचल में कैबिनेट की बैठक आज, चुनावी बिगुल बजने से पहले नौकरियों सहित आम जनता पर बरस सकती है राहत
आगामी चुनावों से पहले सुक्खू कैबिनेट इस बैठक में जनहित से जुड़े बड़े निर्णयों को मंजूरी दे सकती है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 17, 2026 at 6:43 AM IST
शिमला: हिमाचल में पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनावों की घोषणा से ठीक पहले सरकार एक के बाद एक बड़े फैसले लेने की तैयारी में है. इसी कड़ी में आज प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं. प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, यह कैबिनेट की बैठक युवाओं के लिए कई उम्मीदों का केंद्र भी बन गई है. चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले सरकार के पास यह अंतिम अवसर है, जब वह जनहित से जुड़े बड़े निर्णयों को मंजूरी दे सकती है.
हिमाचल में कैबिनेट की बैठक
ऐसे में आज की बैठक में युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों में नए पद सृजित करने और लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने जैसे अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है. बेरोजगारी से जूझ रहे प्रदेश के युवाओं के लिए यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं होगा. इसी तरह से कैबिनेट की इस बैठक में कॉलेज और स्कूल मर्जर को लेकर भी चर्चा हो सकती है.
पंचायत चुनाव से पहले अहम फैसले ले सकती है सरकार!
इसके अलावा आज की मंत्रिमंडल की बैठक में हाल ही में रिकांगपिओ में आयोजित हुए राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के दौरान की गई घोषणाओं को भी कैबिनेट की मंजूरी मिलने की संभावना है. सरकार की कोशिश रहेगी कि जिन योजनाओं और बजट प्रस्तावों को चुनाव से पहले लागू किया जा सकता है, उन्हें तुरंत हरी झंडी देकर धरातल पर उतारा जाए, ताकि जनता को सीधा लाभ मिल सके. कुल मिलाकर, आज की कैबिनेट बैठक को चुनाव से पहले सरकार के 'मास्टरस्ट्रोक' के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति और विकास की दिशा दोनों को प्रभावित कर सकता है.
ये भी पढ़ें: 'मंत्री हैं सक्षम, उन्हें भी जिम्मेदारी दें मुख्यमंत्री', कौल सिंह ठाकुर ने दी CM सुक्खू को सलाह
ये भी पढ़ें: कोई भी लड़ सकता है BDC और प्रधान का इलेक्शन, कांग्रेस पार्टी आधार पर नहीं लड़ेगी पंचायत चुनाव: CM सुक्खू

