ETV Bharat / state

'अपनी भड़ास निकाल रहे डिप्टी CM', RDG को लेकर मुकेश अग्निहोत्री पर जयराम ठाकुर का पलटवार

जयराम ठाकुर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सदन में भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं.

HIMACHAL BUDGET SESSION 2026
RDG को लेकर मुकेश अग्निहोत्री पर जयराम ठाकुर का पलटवार (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 17, 2026 at 5:27 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान RDG (रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट) को लेकर सियासत तेज हो गई है. सत्र के दूसरे दिन भी इस मुद्दे पर सदन में जोरदार चर्चा हुई. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि सरकार RDG को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं कर रही है और केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है.

"डिप्टी सीएम अपनी भड़ास निकाल रहे"

जयराम ठाकुर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सदन में भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम यह आरोप लगा रहे हैं कि विपक्ष ने केंद्र से मदद रुकवाने की कोशिश की, लेकिन अगर उनके पास इसके ठोस सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक करें. अन्यथा यह मामला विशेषाधिकार हनन का बन सकता है. उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाना उचित नहीं है.

RDG को लेकर मुकेश अग्निहोत्री पर जयराम ठाकुर का पलटवार (ETV BHARAT)

सरकार से स्पष्ट रुख की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार RDG के मुद्दे पर केवल संकल्प लाकर राजनीतिक संदेश देना चाहती है, जबकि असली स्थिति साफ नहीं की जा रही. उन्होंने कहा कि अगर सरकार इसे राजनीतिक लड़ाई बनाना चाहती है तो विपक्ष भी इसके लिए तैयार है. जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के आर्थिक हालात गंभीर हैं और ऐसे में पारदर्शिता जरूरी है.

बहस के दौरान चुनावी तैयारियों का मुद्दा भी उठाया गया. जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूरा होने को है और अब चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अभी विधानसभा क्षेत्र तलाश रहे हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले चुनाव में कई कांग्रेस विधायक मैदान से पीछे हटते नजर आ सकते हैं. विधानसभा में RDG को लेकर जारी यह बहस आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है, क्योंकि बजट सत्र के दौरान आर्थिक मुद्दे और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप दोनों ही केंद्र में बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें: विधानसभा में संविधान की प्रति लेकर पहुंचे डिप्टी CM, RDG के मुद्दे पर भाजपा को घेरा