RDG पर विधानसभा में हाई वोल्टेज 'ड्रामा', CM सुक्खू बोले- "भाजपा हिमाचल विरोधी, जनता की अदालत में देना होगा जवाब"
सीएम सुक्खू ने कहा कि, जनता की अदालत में भाजपा को जवाब देना होगा. राज्य सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम करेगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 18, 2026 at 10:50 PM IST
|Updated : February 18, 2026 at 10:56 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के तीसरे दिन RDG के मुद्दे पर अजब–गजब स्थिति देखने को मिली. पहले सदन के भीतर मुख्यमंत्री के जवाब के दौरान हंगामा बरपा रहा. मुख्यमंत्री पर झूठे आंकड़े पेश करने का आरोप लगाते हुए विपक्ष के सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की. सदन में शोर शराबे के बीच रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट के मुद्दे पर लाया सरकारी संकल्प ध्वनि मत से पारित हुआ. संकल्प पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला किया. हालांकि सदन की कार्रवाई पूरी होने के बाद माहौल और अधिक गरमा गया. सदन के बाहर पक्ष और विपक्ष आमने–सामने आ गए. विधानसभा परिसर में दोनों दलों के सदस्य एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए. सरकार ने विपक्ष को हिमाचल विरोधी बताया, तो विपक्ष ने सरकार पर हिमाचल की लूट के आरोप लगाए.
'भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी प्रदेश की जनता'
सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, "हिमाचल के हित में लाए गए संकल्प का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है. आज का दिन भाजपा के लिए इतिहास में हिमाचल विरोधी के रूप में दर्ज होगा. प्रदेश की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी. RDG प्रदेश सरकार का नहीं बल्कि हिमाचल की जनता का अधिकार है. लेकिन, भाजपा नेता अपनी ही सरकार के सामने हिमाचल हित की बात रखने से डर रहे हैं. सरकार ने हिमाचल के हित में प्रोटोकॉल छोड़कर भाजपा के साथ केंद्र जाने का फैसला किया था. इसके बावजूद इसके विपक्ष ने साथ नहीं दिया."
'हिमाचल के संसाधनों से पैसा कमा रहा लेकिन अधिकार नहीं दे रहा केंद्र'
मुख्यमंत्री ने कहा कि, जनता की अदालत में भाजपा को जवाब देना होगा. राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र हिमाचल के संसाधनों से पैसा तो कमा रही है, लेकिन प्रदेश को उसका अधिकार नहीं दे रही है. CM सुक्खू ने कहा कि, राज्य सरकार अपनी सभी जिम्मेदारियां निभाते हुए हर स्तर पर हिमाचल के हितों की लड़ाई लड़ते रहेगी.
राहुल गांधी मुलाकात करेगा हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, "इस मामले पर गुरुवार (19 फरवरी) को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे. खुद और पूरा मंत्रिमंडल राहुल गांधी से मुलाकात कर इस मामले पर चर्चा करेगा. इसके बाद वह केंद्रीय वित्त मंत्री से भी मुलाकात करेंगे. आने वाले समय में सभी रास्तों से हर संभव प्रयास करेंगे."
हिमाचल विधानसभा में RDG बहाली का प्रस्ताव पास
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में ध्वनिमत से RDG बहाली का प्रस्ताव पास हो गया है. हालांकि, बीजेपी विधायकों ने प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया है. वहीं, हिमाचल सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है. RDG पर हिमाचल विधानसभा में चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित हुआ. मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि, पांचवें वित्त आयोग से लेकर 15वें वित्त आयोग तक हिमाचल को मिलती RDG रही. अब इसे बंद कर दिया गया है. वहीं, बीजेपी विधायक दल का आरोप है कि, सरकार प्रदेश हित की जगह राजनीतिक बात करती रही.

सदन की कार्यवाही 17 मार्च तक स्थगित
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर भाजपा सदस्यों ने सदन में जमकर नारेबाजी की. इस बीच सीएम ने भाजपा से अपील करते हुए कहा कि, 10 हजार करोड़ की RDG बंद होने के इतिहास को मत बनने दो. नियम 102 के तहत लाया गया प्रस्ताव सदन में विपक्ष की नाराबाजी के बीच में स्वीकार किया गया, जिसके बाद भाजपा विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकल गए. हिमाचल विधानसभा की कार्यवाही 17 मार्च तक स्थगित कर दी गई है. अब सदन की कार्यवाही 18 मार्च बुधवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी.
ये भी पढ़ें: 'RDG पर चर्चा राजनीति से प्रेरित, भाजपा हिमाचल हित में खड़ी, सरकार की हठधर्मिता से प्रदेश को नुकसान'
ये भी पढ़ें: RDG के बहाने जगत नेगी का BJP पर हमला, बोले- हिमाचल के हितेषी नहीं हैं प्रदेश भाजपा के लोग, भोगना चाहते हैं सत्ता सुख

