हिमाचल में BPL सूची पर बड़ा अपडेट, अब ये परिवार भी होंगे शामिल, जानें कब है आवेदन करने की आखिरी तारीख?
हिमाचल प्रदेश में BPL सूची में जरूरतमंद परिवारों को शामिल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 15, 2026 at 7:32 PM IST
शिमला: हिमाचल में में सामाजिक सुरक्षा को और अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. प्रदेश में BPL सूची में जरूरतमंद परिवारों को शामिल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. राज्य सरकार ने BPL सूची के चौथे चरण के तहत उन परिवारों के लिए भी दरवाजे खोल दिए हैं, जो अब तक किसी कारणवश सूची से बाहर रह गए थे, लेकिन वास्तव में निर्धनता की तय मानकों पर खरे उतरते हैं. खास बात यह है कि इस बार तीन नई श्रेणियों में फिट बैठने वाले परिवारों को भी BPL सूची में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है.
17 फरवरी आवेदन करने की आखिरी तारीख
इसके लिए पंचायत स्तर पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक परिवार 17 फरवरी तक अपने संबंधित पंचायत सचिव के पास आवेदन जमा कर सकते हैं. प्रदेश सरकार ने 19 मार्च 2025 के नियमों में संशोधन करते हुए तीन कैटिगरी में फिट बैठने वाले परिवारों को BPL सूची में शामिल करने का निर्णय लिया है. ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सचिव के मुताबिक प्रदेश में BPL परिवारों के चयन के लिए चौथे चरण की प्रक्रिया जारी है, जिसमें तीन और कैटेगरी के परिवार 17 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं.
इन परिवारों के पास मौका
प्रदेश सरकार ने चौथे चरण में तीन और कैटेगरी के परिवारों को BPL सूची में शामिल किए जाने का फैसला लिया है. इसके मुताबिक प्रदेश में ऐसे परिवार, जिनके मुखिया में 40 फीसदी से अधिक विकलांगता हो, ऐसे परिवार जिनके सभी वयस्क सदस्यों को ओर से पिछले वित्तीय वर्ष में मनरेगा के अंतर्गत कम से कम 80 दिन काम किया हो और ऐसे परिवार जिनमें कमाने वाले सदस्य किसी दुर्घटनावश रीढ की हडडी चोटिल होने के कारण स्थायी रूप से निष्क्रिय (Bedridden) हो गए हों को भी अब BPL सूची में शामिल किया जाएगा. अगर कोई भी परिवार इस तरह की श्रेणी में है तो वे 17 फरवरी तक संबंधित पंचायत सचिव को आवेदन कर सकते हैं.
प्रदेश में तीन चरण हो चुके हैं पूरे
हिमाचल में BPL सूची में नाम शामिल करने के लिए तीन चरण पूरे हो चुके हैं. अब प्रदेश भर चौथे चरण की प्रक्रिया जारी है. प्रदेश में 19 मार्च, 2025, और समय-समय पर किए गए संशोधनों के माध्यम से प्रदेश में Below Poverty Line (BPL) परिवारों की पहचान, चयन, समावेशन, बहिष्करण, सत्यापन एवं अपील की प्रक्रिया निर्धारित की गई है और BPL परिवारों के चयन की प्रक्रिया को चरणबद्ध रूप में संपन्न किए जाने का निर्णय लिया गया है. उक्त प्रक्रिया के अंतर्गत चयन प्रक्रिया का पहला, दूसरा और तीसरा चरण पूरा किया जा चुका है. इन चरणों की अंतिम सूचियां भी खंड स्तरीय समिति की ओर से अधिसूचित की जा चुकी हैं. वहीं, चौथे चरण की प्रक्रिया के पूरा होने के बाद 25 फरवरी 2026 तक खंड स्तरीय समिति की ओर से ऐसे परिवारों को पंचायत वार अधिसूचित किया जाएगा.
अभी तक 59,829 परिवारों का चयन
हिमाचल में पहले से तीसरे चरण तक कुल 59,829 परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल किया गया है. जिले वार आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में 2,204, चंबा में 13,786, हमीरपुर में 3,480, कांगड़ा में 10,807, किन्नौर में 1,109, कुल्लू में 2,957, लाहौल-स्पीति में 206, मंडी में 12,045, शिमला में 4,522, सिरमौर में 1,277, सोलन में 1,567 और ऊना में 5,869 परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल गया गया है. वहीं, प्रदेश में चौथे चरण की प्रक्रिया अभी जारी है. ऐसे में प्रदेश भर में अभी BPL परिवारों की संख्या और बढ़ सकती है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल बजट सत्र सोमवार से, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरुआत, क्या बढ़ेगा सत्र?
ये भी पढ़े: 'RDG के मुद्दे पर हिमाचल की कलयुगी बीजेपी बोल रही झूठ', CM सुक्खू ने भाजपा पर साधा निशाना

