ETV Bharat / state

मानसून सत्र की शुरुआत के साथ सियासी पारा हाई, BJP ने लगाए बेरोजगार युवाओं के साथ ठगी और धोखे का आरोप

हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र में सदन की कार्रवाई से पहले रोजगार के मुद्दे पर गरमाया विधानसभा परिसर, विपक्ष ने किया प्रदर्शन.

Himachal Assembly Monsoon Session 2026
विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों का प्रदर्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 21, 2026 at 12:34 PM IST

|

Updated : August 21, 2026 at 1:24 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल की 14वीं विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत हाई वोल्टेज ड्रामे के साथ हुई. सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष के विधायकों ने युवाओं को रोजगार न मुहैया करवाने के मुद्दे पर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की. विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया. वहीं, सदन के अंदर भी रोजगार के मुद्दे पर सियासी तपिश बढ़ने के आसार हैं. विपक्ष ने नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर रोजगार के मुद्दे पर चर्चा करवाने की मांग उठाई है.

सदन की कार्यवाही से पहले भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन (ETV Bharat)

बेरोजगार युवाओं के साथ ठगी और धोखे का आरोप

भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश में 5 लाख नौकरियां देने का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब तक प्रदेश के युवाओं को कुछ हजार नौकरियां ही दी जा सकी हैं. उन्होंने सरकार पर बेरोजगार युवाओं के साथ ठगी और धोखा करने का आरोप लगाया. रणधीर शर्मा ने कहा कि विपक्ष ने नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है और मांग की है कि सदन के सारे काम स्थगित कर युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर चर्चा करवाई जाए.

Himachal Assembly Monsoon Session 2026
हाई वोल्टेज ड्रामे के साथ मानसून सत्र की शुरुआत (ETV Bharat)

'आंतरिक कलह के चलते प्रदर्शन कर रहे बीजेपी विधायक'

वहीं, विपक्ष के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पलटवार किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना अच्छी बात है और विरोध जताना विपक्ष का दायित्व है, लेकिन भाजपा विधायक आंतरिक कलह के चलते प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता केवल दिखावे के लिए और पार्टी हाईकमान की नजरों में बने रहने के लिए विरोध प्रदर्शन करते हैं. मुख्यमंत्री ने विपक्ष के प्रदर्शन के बहाने नेता प्रतिपक्ष को भी निशाने पर लिया और कहा कि भाजपा के विधायक नेता प्रतिपक्ष को उनके पद से हटाना चाहते हैं. मानसून सत्र के पहले ही दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी सियासी तकरार के संकेत साफ दिखाई दिए हैं.

ये भी पढ़ें: लाइव Himachal Monsoon Session Update: सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से नारेबाजी, सदन की कार्यवाही शनिवार 11 बजे तक स्थगित

ये भी पढ़ें: हिमाचल में आसान नहीं नौकरशाहों की संख्या कम करना, पूर्व IAS और MLA जेआर कटवाल ने बताए कारण

ये भी पढ़ें: पार्टी ने दिया नोटिस तो केहर खाची ने सोशल मीडिया पर खुद को बताया बब्बर शेर, लिखा, किसी से नहीं डरता

Last Updated : August 21, 2026 at 1:24 PM IST