सदन में डिप्टी सीएम ने बिक्रम ठाकुर से क्यों कहा वापस लें सवाल?
हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दौरान डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने बिक्रम ठाकुर से सहकारी सभाओं को लेकर पूछा गया सवाल वापस लेने को कहा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 18, 2026 at 10:08 AM IST
|Updated : February 18, 2026 at 11:06 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान एक दिलचस्प वाकया हुआ. पूर्व भाजपा सरकार में उद्योग मंत्री रहे बिक्रम ठाकुर के तारांकित सवाल पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वे सवाल विड्रॉल कर लें. डिप्टी सीएम ने कहा कि उनके द्वारा जो सवाल पूछा गया है उस पर लाखों का खर्च है और जवाब एकत्र करते-करते कागजों का बहुत भंडार लग जाएगा. बजट सत्र के दूसरे दिन पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर की ओर से प्रदेश में कोऑपरेटिव सोसाइटी यानी सहकारी सभाओं से जुड़ा सवाल पूछा गया था. इस पर राज्य सरकार की ओर से जवाब में सूचनाओं एकत्र किए जाने की बात कही गई.
क्या था पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर का सवाल ?
दरअसल पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर की ओर से प्रदेश में पंजीकृत सहकारी स्वभाव को लेकर सवाल पूछा गया था. सवाल में इन सभाओं के ऋण बकाए और अनियमित कार्यप्रणाली की जानकारी मांगी गई थी. इसके अलावा अनियमितताएं बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का भी ब्यौरा मांगा गया था. सरकार की ओर से जवाब में 'सूचनाएं एकत्रित की जा रही हैं' कहा गया, तो बिक्रम ठाकुर ने सदन में पूछ यह बेहद साधारण सवाल है. ऐसे में इसका जवाब देने में इतना समय क्यों लग रहा है?
"कागजों का लग जाएगा भंडार, कोऑपरेटिव सोसाइटी में इतने घपले"
प्रश्न का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सदस्य बिक्रम ठाकुर की ओर से पूछा गया सवाल इतना साधारण नहीं है. उन्होंने कहा कि इस सवाल पर लाखों का खर्च है और सूचनाओं एकत्र करते-करते कागजों का बड़ा भंडार लग जाएगा, क्योंकि इतनी कोऑपरेटिव सोसाइटी में घपले हो रखे हैं. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिक्रम ठाकुर सवाल विड्रॉल कर लें और किसी विशेष मामले में उनकी दिलचस्प है तो उससे जुड़ी सूचनाओं उपलब्ध करवा देंगे. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सवाल पर अभी और समय लग सकता है. हालांकि बिक्रम ठाकुर ने भी सवाल वापस लेने से इंकार कर दिया.

