ETV Bharat / state

हिमाचल के जवान अभिषेक को सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई, लोगों ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

26 साल के सेना जवान अभिषेक कुमार का आज उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार हुआ, काला पीलिया ने ली जवान की जान.

Soldier Abhishek Kumar Crimination
सैन्य सम्मान के साथ अभिषेक कुमार का अंतिम संस्कार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 17, 2026 at 2:12 PM IST

|

Updated : May 17, 2026 at 2:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत टपरे में 26 साल के जवान अभिषेक कुमार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. रविवार को उनके पैतृक गांव नौहगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया. सुबह जब उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंची, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. तिरंगे में लिपटे बेटे को देख परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक और गमगीन हो गया. उनके असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है और सभी लोग शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं.

सेना के जवान अभिषेक कुमार को लोगों ने दी श्रद्धांजलि (ETV Bharat)

बड़े भाई ने दी छोटे भाई को मुखाग्नि

अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव देह को कुछ समय तक घर के आंगन में रखा गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद अंतिम यात्रा श्मशान घाट के लिए निकाली गई. “भारत माता की जय” और “तेरा वैभव अमर रहे मां” के गगनभेदी नारों के बीच पूरे सैन्य सम्मान के साथ अभिषेक कुमार का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान हर व्यक्ति की आंखें नम थीं. मृतक के बड़े भाई अरुण ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पार्थिव देह को मुखाग्नि दी.

Soldier Abhishek Kumar Crimination
लोगों ने नम आंखों से दी जवान को अंतिम विदाई (ETV Bharat)

साल 2024 में हुआ था विवाह

परिजनों ने बताया कि अभिषेक कुमार काला पीलिया (जॉन्डिस) से पीड़ित थे और उनका इलाज दिल्ली के आर्मी आरआर अस्पताल में चल रहा था. शनिवार सुबह उन्होंने वहीं अंतिम सांस ली. महज 26 साल की आयु में उनका निधन परिवार और क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है. अभिषेक कुमार साल 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और देश सेवा में सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे. साल 2024 में उनका विवाह हुआ था और उनका पारिवारिक जीवन अभी शुरू ही हुआ था कि यह दुखद घटना घट गई.

Soldier Abhishek Kumar Crimination
बड़े भाई ने दी जवान अभिषेक कुमार को मुखाग्नि (ETV Bharat)

1 महीने पहले ही छुट्टी से ड्यूटी पर लौटे थे अभिषेक

अभिषेक कुमार के परिजनों ने बताया कि करीब एक महीने पहले वह छुट्टी समाप्त कर ड्यूटी पर हिसार लौटे थे. वहीं उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें खून की उल्टी व दस्त की शिकायत हुई. प्रारंभिक उपचार के बाद मेडिकल जांच में सामने आया कि वह काला पीलिया से ग्रस्त हैं. हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के आरआर अस्पताल में भर्ती करवाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं, सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

"अभिषेक कुमार के पिता जनक राज भी सेना में कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जिससे यह परिवार लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है. इतनी कम उम्र में अभिषेक कुमार का निधन पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद है. अभिषेक कुमार ने देश सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनका समर्पण सदैव याद रखा जाएगा." - कैप्टन रंजीत सिंह, विधायक, सुजानपुर

ये भी पढ़ें: काला पीलिया ने ली सेना के जवान की जान, हिमाचल के सैनिक का RR अस्पताल दिल्ली में निधन

ये भी पढ़ें: बाप-बेटे पर तलवार-डंडों से जानलेवा हमला, हरियाणा से मुख्य आरोपी सहित 3 गिरफ्तार

ये भी पढ़ें: हिमाचल में नशे की ओवरडोज से युवती की मौत! भाई की भी ड्रग्स से हो चुकी है डेथ, उजड़ गई परिवार की एक पीढ़ी

ये भी पढ़ें: महिला ने की आत्महत्या, पास खड़ा रोता रहा 3 साल का मासूम

Last Updated : May 17, 2026 at 2:35 PM IST