ETV Bharat / state

हिमाचल में 650 डॉक्टरों की भर्ती करेगी सरकार, ₹500 करोड़ से मेडिकल कॉलेजों की मशीनरी होगी अत्याधुनिक

मुख्यमंत्री कांगड़ा जिले के देहरा में भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी.

Doctors Recruitment himachal
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (DIPR)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 30, 2026 at 9:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में 650 डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी. इनमें 300 मेडिकल ऑफिसर, 200 स्पेशलिस्ट डॉक्टर और 150 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर शामिल हैं. इसके साथ ही प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं. सरकार का कहना है कि इससे मरीजों को बेहतर और अधिक सटीक जांच की सुविधा मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के कांगू में जन स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ के दौरान कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन मशीनों से मरीजों की जांच अधिक सटीक होगी और समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा. मुख्यमंत्री के अनुसार ऐसी अत्याधुनिक मशीनें अभी केवल दिल्ली के एम्स में उपलब्ध हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 300 मेडिकल ऑफिसर, 200 स्पेशलिस्ट डॉक्टर और 150 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती करने जा रही है. इसके अलावा प्रदेश के 70 आदर्श चिकित्सा संस्थानों में भी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्तियां की जा रही हैं. नादौन, कांगू, गलोड़ और धनेटा के अस्पतालों में भी डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं.

देहरा को करोड़ों की सौगात

इसके बाद मुख्यमंत्री कांगड़ा जिले के देहरा पहुंचे, जहां उन्होंने देहरा अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए एक वर्ष के भीतर अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जोल सप्पड़ स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज का जल्द शुभारंभ किया जाएगा. यहां उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज संस्थान खोला जाएगा. संस्थान में इसी वर्ष से दाखिले शुरू करने के लिए वाइस चांसलर को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. इससे अलाइड हेल्थ सर्विसेज से जुड़े प्रोफेशनल्स अब हमीरपुर में ही तैयार होंगे.

देहरा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत वाली पेयजल परियोजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि ओजोन तकनीक आधारित पेयजल परियोजना अगले एक वर्ष में पूरी कर ली जाएगी. इसके अलावा देहरा में भूमिगत यूटिलिटी डक्ट बनाने की बात भी कही. मुख्यमंत्री ने कांगड़ा को हिमाचल की पर्यटन राजधानी घोषित किए जाने और बनखंडी में 619 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का जूलॉजिकल पार्क विकसित किए जाने की जानकारी दी.

मछुआरों को मिली सहायता राशि

देहरा में मुख्यमंत्री ने 'मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि' के तहत 800 मछुआरों को 3,500-3,500 रुपये की वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए. यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है. मछली पर रॉयल्टी को 15 प्रतिशत से घटाकर एक प्रतिशत किया गया है और मछली पकड़ने पर प्रतिबंध की अवधि में मछुआरों को 3,500 रुपये की सहायता दी जा रही है.

ये भी पढ़ें: बीजेपी के पूर्व विधायक और दिग्गज नेता का निधन, राम जन्म भूमि आंदोलन और योग से रहा गहरा जुड़ाव

ये भी पढ़ें: 'अटैचियों में चीनी-प्याज लेकर आते तो जनता को राहत मिलती, कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए धनबल का इस्तेमाल'