ETV Bharat / state

हिमाचल में सहायक तहसील कल्याण अधिकारी की इतनी नई पोस्टें सृजित, ये रहेगा पे स्केल, सुक्खू सरकार ने जारी की नोटिफिकेशन

हिमाचल में असिस्टेंट तहसील वेलफेयर ऑफिसर्स के पदों पर होगी भर्ती. राज्य सरकार की वर्तमान भर्ती नीति के अनुसार ये पद भरे जाएंगे.

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 22, 2026 at 6:49 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने सहायक तहसील कल्याण अधिकारी यानी असिस्टेंट तहसील वेलफेयर ऑफिसर्स के दस पदों को सृजित करने व भरे जाने का फैसला लिया है. इन पदों को सृजित करने और सीधी भर्ती से भरे जाने से संबंधित अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता विभाग के सचिव आईएएस सीपी वर्मा की तरफ से पदों को सृजित करने व भरे जाने की अधिसूचना जारी कर दी गई है.

बड़ी बात ये है कि इन पदों के सृजन के साथ ही तहसील कल्याण अधिकारी के दस पद समाप्त करने का भी निर्णय लिया गया है. इस बारे में अधिसूचना जुलाई महीने की है, लेकिन राज्यपाल की मंजूरी के बाद इसे अब गजट में प्रकाशित किया गया है. विभाग के सचिव की तरफ से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार सहायक तहसील कल्याण अधिकारी के ये पद पे-मैट्रिक्स लेवल-11 के होंगे. उक्त पदों को सीधी भर्ती से भरा जाएगा.

सहायक तहसील कल्याण अधिकारी के दस पद होंगे सृजित
सहायक तहसील कल्याण अधिकारी के दस पद होंगे सृजित (Notification)

राज्य सरकार की वर्तमान भर्ती नीति के अनुसार ये पद भरे जाएंगे. अधिसूचना में कहा गया है कि तहसील कल्याण अधिकारियों के दस पद खत्म करने से अब इन पदों की स्वीकृत संख्या घटकर 82 रह जाएगी. पहले तहसील कल्याण अधिकारी के स्वीकृत पदों की संख्या 92 थी. सहायक तहसील कल्याण अधिकारी के इन पदों को हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतनमान), नियम 2022 के तहत तय किए गए 10340-34800 प्लस ग्रेड पे 3800 रुपए की दर से वेतनमान पे-लेवल 11 मैट्रिक्स का होगा.

इन्हें एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक व स्पेशिली एबल्ड आधिकारिता विभाग में सेवाएं देनी होंगी. ये सामाजिक न्याय व आधिकारिता विभाग का हिस्सा है. ये सभी पद नियमित आधार पर भरे जाएंगे. ये सभी आदेश गजट नोटिफिकेशन प्रकाशित होने के बाद तुरंत प्रभाव से लागू माने जाएंगे.

ये भी पढ़ें: 1.70 करोड़ बचाने को हिमाचल में पंचायत चौकीदार के 566 पद खत्म, घोषित किए डाइंग कैडर, भरी जाएंगी एमटीडब्ल्यू की 400 पोस्ट