3 से 5 जनवरी तक होगा हिम MSME फेस्ट, यहां मिलेंगे 12 जिलों के ये उत्पाद
उद्योग विभाग हिम MSME फेस्ट 2026 को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटा है. ये एक जिला एक उत्पाद पर आधारित होगा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 28, 2025 at 2:43 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी और पर्यटन नगरी शिमला नए साल से पहले हफ्ते में लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योगों के महोत्सव के लिए तैयार हो रही है. 3 जनवरी से 5 जनवरी तक शिमला में हिम MSME फेस्ट 2026 का आयोजन होना है. हिमाचल सरकार का उद्योग विभाग हिम MSME फेस्ट 2026 को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटा है. तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में राज्य के पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जानी है. इस दौरान ODOP यानी एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम के तहत राज्य के सभी 12 जिलों के उत्पाद शिमला में नजर आएंगे.
शिमला में नजर आएंगे 12 जिलों के स्थानीय उत्पाद
शिमला में तीन, चार और पांच जनवरी को आयोजित होने जा रहे MSME फेस्ट 2026 में प्रदेश के सभी 12 जिलों के स्थानीय उत्पादों को विशेष स्थान मिलने वाला है. इसके लिए एक जिला एक उत्पाद समर्पित पवेलियन स्थापित किया जाना है, जहां सभी 12 जिलों के स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी होगी. इस दौरान जिला बिलासपुर के आंवला पर संस्करण और हमीरपुर के प्रोसैस्ड कृषि उत्पादन नजर आएंगे. प्रदर्शनी में जिला कुल्लू के पारंपरिक शॉल, जिला कांगड़ा की चाय और कांगड़ा पेंटिंग के साथ-साथ किन्नौर के पारंपरिक चुल्ली तेल को भी जगह दी गई है. साथ ही दुर्गम जिले लाहौल स्पीति के सीबकथॉर्न (छरमा) उत्पाद, जिला मंडी के स्टील फर्नीचर उद्योग भी प्रदर्शनी में नजर आएंगे. जिला ऊना के लाइट इंजीनियरिंग क्षेत्र, सिरमौर के पैकेजिंग उद्योग, जिला सोलन को मशरूम क्षेत्र और शिमला जिला को पर्यटन को तकनीकी रूप से उन्नत करने जैसे कार्यक्रमों को प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा.
उत्पादों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों तक पहुंचने का प्रयास
हिमाचल सरकार में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बयान में कहा कि 'ये पहला मौका है जब राज्य के सभी जिलों के उत्पाद एक जगह उपलब्ध होंगे. शिमला में आयोजित होने वाले हिम MSME फेस्ट में सभी जिलों के उत्पादों को दिखाई प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी. इसके लिए हिम MSME फेस्ट में एक समर्पित एक जिला एक उत्पाद पवेलियन स्थापित किया जाएगा. इसका उद्देश्य प्रदेश के सभी जिलों के स्थानीय उत्पादों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों तक पहुंचना है. इससे प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को आने वाले वक्त में खुले बाजार का अवसर मिलेगा.'
स्थानीय प्रतिभा को मजबूती देने का प्रयास
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि ODOP पहल हर जिले की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही है. ये योजना स्थानीय कौशल को आधुनिक बाज़ार तक पहुंचने में सहायक बनी है. योजना किसानों, कारीगरों और लघु उद्यमियों को आजीविका देने का काम कर रही है. उद्योग मंत्री ने कहा कि एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम में राज्य सरकार की मूल्य आधारित नीति की झलक नजर आती है. इसके माध्यम से राज्य सरकार स्थानीय प्रतिभा को मजबूती देने का काम कर रही है.
राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार का नया प्रयास
राज्य सरकार का कहना है कि यह हिम MSME फेस्ट 2026 कार्यक्रम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की नई पहल है. इसका उद्देश्य प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए सुविधा देना है. साथ ही महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करना है.
शिमला में 3 दिन इन उत्पादों के सजेंगे स्टॉल
हिम MSME फेस्ट 2026 के पहले दिन राजधानी में राज्य के विभिन्न जिलों की पारंपरिक हस्तकला देखने का अवसर मिलेगा. राज्य भर की पारंपरिक हस्तकला और बुनाई विरासत की प्रदर्शन के लिए विशेष प्रदर्शनी आयोजित होगी. इसके अलावा, पूरे तीनों दिनों तक हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए उत्पादों के फैक्ट्री आउटलेट्स एवं प्रदर्शनी स्टॉल भी स्थापित किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: IGMC में हड़ताल पर डॉक्टर, मरीज हो रहे परेशान, कई बिना इलाज के लौटे घर

