एमएनसी में काम करने वाली महिला मांग रही है वोट, जानें क्या है माजरा
हजारीबाग नगर निकाय चुनाव में पढ़े-लिखे उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. ऐसे ही एक प्रत्याशी इन दिनों काफी चर्चा में हैं.

Published : February 20, 2026 at 9:41 PM IST
हजारीबाग: नगर निगम चुनाव को लेकर हजारीबाग में चुनावी सरगर्मी बढ़ी हुई है. मेयर पद और वार्ड पार्षद पद के लिए दर्जनों प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन एक वार्ड पार्षद उम्मीदवार काफी सुर्खियों में हैं.
एमबीए और नौकरी के बाद पार्षद के लिए मैदान में
दरअसल, हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 से मिताली रश्मि पार्षद के लिए चुनाव मैदान में है. मिताली की चर्चा इसलिए हो रही है कि वह सबसे अधिक पढ़ी-लिखी प्रत्याशी हैं. मिताली ने 12 वर्षो तक मल्टीनेशनल कंपनी में काम भी किया है. उन्होंने झारखंड के धनबाद से अर्थशास्त्र में स्नातक किया था और यूनिवर्सिटी में टॉप किया था.
उसके बाद उन्होंने देश के नामी इंस्टीट्यूट एमआईटी स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए किया और कई वर्षों तक बड़ी कंपनियों में नौकरी की. अब मिताली समाज सेवा करने के उद्देश्य से वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ रही हैं . यही कारण है कि उनकी चर्चा पूरे जिले भर में बनी हुई है.
वार्ड नंबर 22 की प्रत्याशी हैं मिताली रश्मि
मिताली रश्मि वार्ड नंबर 22 से वार्ड पार्षद के लिए चुनाव लड़ रही हैं. उनका चुनाव चिन्ह अलमीरा छाप है. ईटीवी भारत से बातचीत में मिताली ने बताया कि हमेशा कुछ नया करना और समाज सेवा करने की ललक ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया. पिछले दिनों कुछ लोगों ने उन्हें वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ने की सलाह दी, क्योंकि वो शिक्षित हैं और समाज के लिए कुछ करना चाहती हैं.
मिताली को लोगों का सहयोग भी प्राप्त हो रहा है. उनके साथ कई महिलाएं भी चुनाव प्रचार प्रसार में हिस्सा ले रही हैं. मिताली के लिए चुनाव प्रचार कर रहीं सोनम प्रिय प्रधान का कहना है कि समय बदल रहा है. पहले महिला चुनाव लड़ती थी तो उनके साथ पुरुष चुनाव प्रचार करते थे . अब आप देखें तो महिला के साथ महिला कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं. जो परिवर्तन को दिखाता है.
ये भी पढ़ें-

