परिजनों ने SP ऑफिस के बाहर से लड़की का किया अपहरण, पुलिस पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
शहर में नाकाबंदी करवाते हुए गाड़ी चालक और लड़की को डिटेन कर लिया है.

Published : January 8, 2026 at 9:42 AM IST
|Updated : January 8, 2026 at 3:40 PM IST
भीलवाड़ा: भीलवाड़ा एसपी ऑफिस के बाहर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाने आई एक युवती का उनके परिजनों ने अपहरण कर लिया. इस दौरान बीच बचाव में आए पुलिसकर्मियों पर भी लड़की के परिजनों ने गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिसका वीडियो भी सामने आया है. पुलिस ने राजकार्य में बाधा और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करते हुए कार चालक व एक अन्य युवक को डिटेन कर लिया है. पूरा मामला बुधवार शाम का है.
भीलवाड़ा कोतवाली थाना प्रभारी शिवराज गुर्जर ने कहा कि लड़की ने प्रेम विवाह किया है. उसके परिजनों ने भीलवाड़ा जिले के बडलियास थाने में गुमशदी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. इसके बाद लड़की बुधवार शाम एसपी ऑफिस में सुरक्षा की मांग को लेकर परिवाद देने आई. इस दौरान एसपी ऑफिस के बाहर उसका अपहरण कर लिया गया. इस दौरान गाड़ी से पुलिस कर्मियों को भी कुचलने की कोशिश की गई थी, जिससे पुलिस कर्मी भी चोटिल हुए हैं. पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में हमने राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कर लिया है. गाड़ी चालक व एक अन्य साथी को डिटेन कर लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है.
इसे भी पढ़ें : पुलिसकर्मियों को रौंदने की कोशिश, धरे गए तो गिड़गिड़ाए कि अब अपराध से तौबा...माफ करो
ये था मामला : बुधवार शाम एसपी ऑफिस में प्रेम विवाह के बाद बयान दर्ज कराने आई लड़की का उसके परिजनों ने अपहरण कर लिया. अचानक हुए घटनाक्रम के बाद एसपी ऑफिस वीआईपी इलाके में हड़कंप मच गया, जहां एसपी ऑफिस के परिवाद शाखा में तैनात पुलिसकर्मियों ने बदमाशों की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उनपर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की. बाद में उच्च अधिकारियों को सूचना देने पर नाकाबंदी करवाई गई.

