बिहार में स्कूल जा रही छात्राओं पर हाईटेंशन तार गिरा, एक की मौत, तीन घयाल
मुजफ्फरपुर में हादसा हुआ है. ट्रक की टक्कर से हाईटेंशन तार टूट गया, जो छात्राओं पर गिरा. आगे पढ़ें पूरी खबर

Published : December 6, 2025 at 5:22 PM IST
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा हो गया. जिले के सरैया थाना क्षेत्र में शनिवार को एक हृदय विदारक घटना घटी. स्कूल जा रही छात्राओं के ऊपर हाईटेंशन तार गिर गया. जिससे एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गईं.
ट्रक के टक्कर से खंभे का तार टूटकर गिरा : घटना बहिलवारा रूपनाथ दक्षिणी पंचायत के शंकर टोला के पास हुई, जो मुजफ्फरपुर-वैशाली की सीमा पर स्थित है. जानकारी के मुताबिक, रोजाना की तरह गांव की करीब आधा दर्जन छात्राएं स्कूल जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे का तार टूटकर सीधे छात्राओं पर गिर पड़ा.
एक की मौत, तीन घायल : करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से बच्चियों को अस्पताल ले जाया गया. हादसे में सुबोध पासवान की पुत्री विंध्यांचली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि रितिका कुमारी, अंशु कुमारी और दिव्या कुमारी झुलस गईं और घायल हो गईं. सभी को सरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
प्रशासन के खिलाफ गुस्सा : मृत छात्रा के घर में कोहराम मचा है और पूरे गांव में मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और जर्जर बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सुधार की मांग की है. घटना की सूचना पर सरैया थाना पुलिस के साथ वैशाली जिले की बेलसर थाना टीम भी मौके पर पहुंची. सरैया थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया ने हादसे की पुष्टि की.
''एक हादसा हुआ है, जिसमें छात्रा की मौत हो गई है. मामले की जांच की जा रही है. आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. कैसे यह हादसा हुआ इसकी तफ्तीश की जा रही है.''- सुभाष मुखिया, सरैया थानाध्यक्ष
अक्सर होते हैं हादसे : बिहार में अक्सर ही तेज रफ्तार का कहर देखने को मिलता है. कई बार इसकी वजह से लोगों की जान भी जाती है. पर, चालक इससे कोई सबक नहीं लेते. तभी हादसों को फिर से दावत दी जाती है.
ये भी पढ़ें :-
बिहार में बड़ा हादसा, ट्रैक्टर-पिकअप की टक्कर में 4 लोगों की मौत
100 की स्पीड में भाग रही थी बस, ट्रॉली देख ड्राइवर कूद कर भागा
रफ्तार का कहर: पति के साथ लौट रही थी ससुराल, ट्रक ने रौंदा, महिला की मौत

