ETV Bharat / state

माफिया अतीक की जब्त जमीन पर बनेगा हाई-टेक ITI, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर

जिस जमीन पर कभी भय, आतंक और अवैध कब्जे का साया हुआ करता था, वहां जल्द ही आधुनिक शिक्षा की गूंज सुनाई देगी

Photo Credit; ETV Bharat
प्रयागराज : माफिया अतीक की जब्त जमीन पर बनेगा हाई-टेक आईटीआई (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 4, 2026 at 8:40 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

प्रयागराज: योगी सरकार अब अपराध और माफिया के खिलाफ अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति को विकास के एक नए मॉडल में तब्दील कर रही है. इसी कड़ी में प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई बेशकीमती जमीन पर अत्याधुनिक आईटीआई का निर्माण किया जाएगा. जिस जमीन पर कभी भय, आतंक और अवैध कब्जे का साया हुआ करता था, वहां जल्द ही आधुनिक शिक्षा की गूंज सुनाई देगी. सरकार के इस फैसले से स्थानीय युवाओं और नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

प्रयागराज : माफिया अतीक की जब्त जमीन पर बनेगा हाई-टेक आईटीआई (Video Credit; ETV Bharat)

तकनीकी शिक्षा विभाग और प्रयागराज जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग 15 से 20 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है. संस्थान के तैयार किए गए ब्लूप्रिंट के मुताबिक, इस नए आईटीआई परिसर में अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें हाई-टेक लैब्स, डिजिटल क्लासरूम और प्रैक्टिकल वर्कशॉप शामिल हैं. प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी 6 महीनों के भीतर सभी जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू करवा दिया जाए.

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि यह जमीन वास्तव में माफिया की नहीं थी, बल्कि उसने भय का माहौल पैदा कर गरीबों की जमीनों पर जबरन कब्जा किया था. योगी सरकार ने उस भय को समाप्त कर अपराधियों की संपत्तियों को जब्त किया है और अब वहां जनहित के कार्य हो रहे हैं. महापौर के अनुसार, प्रयागराज शिक्षा का एक बड़ा केंद्र रहा है और इस नए संस्थान के बनने से युवाओं को प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.

वहीं, स्थानीय युवाओं का कहना है कि शहर में पहले सिर्फ नैनी में आईटीआई कॉलेज था, वहां जाने के लिए पुल पार करना पड़ता था और छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. अब शहर के बीचों-बीच आधुनिक संस्थान बनने से स्थानीय छात्रों को पास में ही रोजगारपरक शिक्षा मिल सकेगी.

ये भी पढ़ें- लखनऊ की फेमस शर्मा की चाय पर जमी चुनावी चौपाल, नितिन नबीन ने फूंका यूपी 2027 का बिगुल