हाईटेक गुरुग्राम में पुलिसिंग में नई डिजिटल पहल, व्हाट्सएप चैटबॉट से जुड़ेंगे नागरिक, एक क्लिक में मिलेगी सारी जानकारी
गुरुग्राम पुलिस ने व्हाट्सएप चैटबॉट लॉन्च किया, जिससे नागरिक 24×7 पुलिस सेवाओं और सुरक्षा जानकारी घर बैठे जान सकते हैं.

Published : January 9, 2026 at 4:11 PM IST
गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक सशक्त बनाते हुए नागरिकों के लिए एक नई पहल की है. गुरुग्राम पुलिस ने व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा लॉन्च की है, जो 24×7 उपलब्ध रहेगी. इस सेवा के जरिए आम लोग अब घर बैठे ही पुलिस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां और सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे. यह सेवा 9599964777 नंबर पर सक्रिय की गई है.
कमिश्नर ने दी जानकारी: गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने बताया कि इस व्हाट्सएप चैटबॉट को इस उद्देश्य से तैयार किया गया है ताकि पुलिस सेवाएं अधिक आसान, तेज और पारदर्शी बन सकें. यह केवल तकनीकी नवाचार नहीं, बल्कि जनसेवा, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
‘Hello’ से होगी शुरुआत: पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने बताया कि, "इस चैटबॉट का उपयोग बेहद सरल रखा गया है. नागरिकों को केवल “Hello” लिखकर मैसेज भेजना होगा, जिसके बाद भाषा का चयन कर वे उपलब्ध सेवाओं की सूची देख सकते हैं. इससे किसी भी जानकारी तक पहुंचने में समय की बचत होगी."

एक क्लिक पर कई सेवाएं: चैटबॉट के माध्यम से नजदीकी पुलिस थाना, महिला थाना, साइबर थाना और ट्रैफिक सहायता केंद्र की लोकेशन, संपर्क नंबर और गूगल मैप लिंक प्राप्त किए जा सकते हैं. साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन 1930, ट्रैफिक जाम या दुर्घटना की रिपोर्टिंग और खोए मोबाइल के लिए CEIR पोर्टल का लिंक भी उपलब्ध है.
नागरिकों से अधिक उपयोग की अपील: पुलिस कमिश्नर ने कहा कि, "यह सेवा नागरिकों का समय बचाएगी और पुलिस से संवाद को आसान बनाएगी. ऐसे में लोगों से अपील है कि वे इस व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें और इसे जनहित में सफल बनाएं."
ये भी पढ़ें:पंजाब यूनिवर्सिटी का "ग्रास प्रिंटर" बना स्मार्ट लॉन की नई पहचान, मोबाइल ऐप से होगा कंट्रोल

