ETV Bharat / state

हाईकोर्ट ने निजी स्कूलों को फीस के लिए कमेटी गठित करने के शिक्षा निदेशालय के आदेश पर रोक लगाने से किया इनकार

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि वो नोटिफिकेशन पर तो रोक नहीं लगाएगा, हां इसपर रोक लगाने की समय सीमा बढ़ा दी जाएगी.

दिल्ली हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : January 8, 2026 at 10:21 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार के उस नोटिफिकेशन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है, जिसमें दिल्ली के निजी स्कूलों को फीस रेगुलेट करने के लिए स्कूल स्तरीय कमेटियां गठित करने का आदेश दिया गया था. चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि ये कमेटियां 10 जनवरी की बजाय 20 जनवरी तक गठित की जा सकती हैं.

कोर्ट ने कहा कि स्कूल प्रबंधन की ओर से कमेटी को प्रस्तावित फीस जमा करने की अंतिम तिथि 25 जनवरी की बजाय 5 फरवरी होगी. याचिका दिल्ली के निजी स्कूलों ने दायर की थी. साथ ही इसमें दिल्ली स्कूल एडुकेशन (ट्रांसपेरेंसी इन फिक्सेशन एंड रेगुलेशन ऑफ फीस) एक्ट की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी गई थी. याचिका में दिल्ली के शिक्षा निदेशालय के 24 दिसंबर, 2025 के नोटिफिकेशन को भी चुनौती दी गई थी. इसी नोटिफिकेशन में ये आदेश दिया गया था कि निजी स्कूल 10 जनवरी तक स्कूल स्तरीय फीस रेगुलेशन कमेटी का गठन करें. कमेटी में एक चेयरपर्सन, प्रिंसिपल, पांच अभिभावक, तीन शिक्षक और शिक्षा निदेशालय का एक प्रतिनिधि शामिल होगा.

सुनवाई के दौरान निजी स्कूलों की ओर से पेश वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने दिल्ली शिक्षा निदेशालय के नोटिफिकेशन पर रोक लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि ये नोटिफिकेशन कानून का उल्लंघन करता है. याचिका का विरोध करते हुए दिल्ली सरकार ने कहा कि ये पूरे तरीके से संवैधानिक है और इसका मकसद स्कूलों की ओर से मनमानी फीस वसूलने पर रोक लगाना है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि वो नोटिफिकेशन पर तो रोक नहीं लगाएगा, लेकिन वो इसे लागू करने की समय सीमा बढ़ा देगी.