होलिका दहन पर अलर्ट: 90 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर दमकल तैनात, एक मिनट में पहुंचेगी गाड़ियां
दिल्ली फायर सर्विस ने 24 स्थानों पर क्विक रिस्पांस व्हीकल तैनात किए हैं, जो छोटी लेकिन अत्यंत तेज गति से पहुंचने वाली अग्निशमन गाड़ियां हैं.


Published : March 2, 2026 at 12:44 PM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज होलिका दहन के मद्देनजर आग की संभावित घटनाओं को रोकने और त्वरित राहत सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली फायर सर्विस की ओर से पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी करते हुए 90 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर दमकल की गाड़ियों को पहले से तैनात रखने की रणनीति बनाई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
दिल्ली फायर सर्विस के डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एके मालिक ने बताया कि होलिका दहन के दौरान आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने कहा कि अब मौसम में गर्मी बढ़ने लगी है, जिससे आग लगने की संभावना भी बढ़ जाती हैं. राजधानी में हजारों स्थानों पर होलिका दहन होता है, इसलिए हमने विशेष तैयारी की है. सूचना मिलते ही नजदीकी फायर स्टेशन से एक मिनट के भीतर गाड़ी मौके के लिए रवाना कर दी जाएगी.
एके मालिक ने बताया कि दिल्ली में 66 फायर स्टेशन है और स्टेशनों के अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों व संवेदनशील स्थानों पर भी शाम से ही फायर टेंडर तैनात कर दिए जाएंगे. विभाग का प्रयास है कि दमकल की गाड़ी जितनी जल्दी मौके पर पहुंचेगी, आग पर उतनी ही तेजी से काबू पाया जा सकेगा. इससे बड़े नुकसान को रोका जा सकेगा.
तंग गलियों में पहुंचेंगी क्यूआरवी: तंग गलियों व घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली फायर सर्विस ने 24 स्थानों पर क्विक रिस्पांस व्हीकल (QRV) तैनात किए हैं, जो छोटी लेकिन अत्यंत तेज गति से पहुंचने वाली अग्निशमन गाड़ियां हैं. ये वाहन उन इलाकों में भेजे जाएंगे जहां पर बड़ी दमकल गाड़ियां को पहुंचने में कठिनाई होती है.

संसाधनों से कितना मजबूत है विभाग: डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एके मालिक के ने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस के पास वर्तमान में करीब 250 फायर टेंडर, 24 क्विक रिस्पांस व्हीकल व 2,480 से अधिक प्रशिक्षित अग्निशमन कर्मी हैं. राजधानी में कुल 66 फायर स्टेशन 24 घंटे अलर्ट मोड पर काम कर रहे हैं. दिन में आग लगने की सूचना पर 1 मिनट और रात में 2 मिनट के अंदर अग्निशमन कर्मी दमकल की गाड़ी लेकर रवाना हो जाते हैं.
लोगों से सतर्क रहने की अपील: होलिका दहन आमतौर पर शाम के समय शुरू होकर देर रात तक चलता है. बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते हैं. दिल्ली में हजारों स्थानों- चौराहों, कॉलोनियों, पार्कों और गलियों में होलिका दहन की तैयारियां की गई हैं. ऐसे में देर रात तक जलती आग व आसपास जमा ज्वलनशील सामग्री के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है.
एके मलिक ने लोगों से भी अपील की है कि होलिका दहन करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें, आग के पास ज्वलनशील वस्तुएं न रखें. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर हेल्पलाइन 101 पर सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके. उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य है कि हर कॉल पर न्यूनतम समय में प्रतिक्रिया दी जाए और त्योहार सुरक्षित माहौल में संपन्न हो.
ये भी पढ़ें :

