ETV Bharat / state

फतेहपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का पर्दाफाश, पांच साल्वर गिरफ्तार

जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि साल्वर भेजने वाले विद्यालयों की मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

Photo Credit: ETV Bharat
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने की कार्रवाई. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 9:12 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

फतेहपुर: फतेहपुर जनपद में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा के दौरान नकल का एक नया, सुनियोजित और हाईटेक मामला सामने आया है. शुक्रवार को गणित विषय की परीक्षा के दौरान दनियालपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साल्वरों को रंगे हाथों पकड़ा गया. ये साल्वर असली परीक्षार्थियों की जगह बैठकर परीक्षा दे रहे थे. जांच में सामने आया कि पकड़े गए साल्वर इससे पहले चार परीक्षाएं सफलतापूर्वक दे चुके थे और पांचवें पेपर के दौरान सघन जांच में उनकी पोल खुली.

प्रवेश पत्र और फोटो बदलकर की गई धोखाधड़ी: चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रवेश पत्र और रजिस्ट्रेशन नंबर वास्तविक छात्रों के ही थे, लेकिन उन पर फोटो साल्वरों की चस्पा थी. इससे यह स्पष्ट हो गया कि नकल का यह खेल पूरी योजना और मिलीभगत से चलाया जा रहा था. मामले में केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सह केंद्र व्यवस्थापक की संयुक्त तहरीर पर थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कराया गया है. पुलिस ने पकड़े गए साल्वरों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है.

संगठित नकल गिरोह में कई प्रधानाचार्य नामजद: पूछताछ में मिले बयानों के आधार पर तीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य और दो अन्य व्यक्तियों को भी इस संगठित नकल गिरोह में आरोपी बनाया गया है. जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि साल्वर भेजने वाले विद्यालयों की मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस कार्रवाई की जद में ओपी यादव इंटर कॉलेज बिलंदा, मेवाराम विद्या ज्ञान इंटर कॉलेज और आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सीतापुर आए हैं. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अलग-अलग विद्यालयों के छात्रों की जगह पर साल्वरों को बैठाया गया था और इसके बदले मोटी रकम वसूली जा रही थी.

नकल माफियाओं के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई: प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीर मानते हुए स्पष्ट किया है कि नकल माफिया, संबंधित विद्यालय प्रबंधन और इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सख्त करने के निर्देश भी जारी किए हैं. गणित प्रश्नपत्र को लेकर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच अभियान चलाया गया. इस कार्रवाई से नकल माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है.

यह भी पढ़ें- होली पर संडे सहित 4 दिनों की मौज : यूपी में 2 से 4 मार्च तक सरकारी दफ़्तरों में ताला, सीएम योगी ने दी लंबी छुट्टी की सौगात